गणेश चतुर्थी की रात भीषण आग, एक ही परिवार के चार लोगों की जलकर मौत

कर्नाटक | खासदार टाईम्स वृत्तसेवा
बेलगावी शहर में गणेश चतुर्थी की रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया। चव्हाट गली में एक दुकान और उससे जुड़े मकान में अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की झुलसकर मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।
मृतकों की पहचान 65 वर्षीय गजानन दमोन, 45 वर्षीय शारदा दमोन, 50 वर्षीय भारती दमोन और 21 वर्षीय रोशन दमोन के रूप में हुई है। हादसे में प्रिया दमोन (28) और गंगा दमोन (25) गंभीर रूप से घायल हुई हैं। दोनों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, घर में रखे फ्रिज में विस्फोट होने के बाद आग लगने का अनुमान लगाया जा रहा है। देखते ही देखते आग ने दुकान और मकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भीषण थी कि परिवार के लोगों को बाहर निकलने का पर्याप्त समय नहीं मिल सका।
घटना की सूचना मिलते ही मार्केट पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। आग बुझाने के बाद अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।
इस दर्दनाक घटना से चव्हाट गली और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है। गणेश चतुर्थी के उत्सव के बीच हुई इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
फिलहाल आग लगने का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। फ्रिज में विस्फोट की वजह से आग लगी या इसके पीछे कोई अन्य तकनीकी कारण था, इसकी जांच की जा रही है। मार्केट पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आग लगने के सटीक कारण का पता लगाने के लिए आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है।