औरंगाबाद: कार दुर्घटना के बाद खुला हिरण के मांस की तस्करी का राज, कार से मांस बरामद

औरंगाबाद • खासदार टाईम्स वृत्तसेवा
सोलापुर-धुले महामार्ग पर एक कार दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद वाहन की तलाशी के दौरान हिरण के मांस की तस्करी का चौंकाने वाला मामला सामने आया। दुर्घटनाग्रस्त कार में खून से सने बोरे मिलने के बाद पुलिस को संदेह हुआ। बोरा खोलने पर उसमें हिरण का मांस बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार, सोमवार (14 सितंबर) दोपहर करीब 4 बजे सोलापुर-धुले महामार्ग पर एसआरपीएफ कैंप (ग्रुप 14 आरआरबी बटालियन) के पेट्रोल पंप के पास एक कार दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना सातारा पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस उपनिरीक्षक मारुति खिल्लारे, हवलदार राहुल रणवीर और अंमलदार वैद्य की टीम घटनास्थल पर पहुंची।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार की तलाशी ली तो अंदर एक संदिग्ध बोरा मिला। बोरे से खून रिसता हुआ दिखाई देने पर पुलिस का संदेह और गहरा गया। पुलिस ने कार में मौजूद मुस्तफा कुरैशी को बोरा खोलकर दिखाने के लिए कहा। हालांकि, वह पुलिस को चकमा देकर महामार्ग से फरार हो गया।
पुलिस ने बाद में बोरा खोलकर देखा तो उसमें कालेविट यानी हिरण का मांस मिला। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए पशुसंवर्धन विभाग के क्षेत्रीय अधिकारी, महानगरपालिका के अवैध कत्ल पथक और वन विभाग के अधिकारियों को घटनास्थल पर बुलाया गया। अधिकारियों की मौजूदगी में मांस की जांच कर उसके नमूने आगे की जांच के लिए भेजे गए हैं।
इस मामले में मुस्तफा अकबर कुरैशी (24, निवासी सातारा परिसर), शफीक सय्यद (32, निवासी बुलढाणा), राजा शेख (45, निवासी सुधारकनगर) और असलाफ नूर कुरैशी (25, निवासी आरिफ कॉलनी) के नाम सामने आए हैं। इनमें से मुस्तफा फरार हो गया, जबकि अन्य आरोपी घायल होने के कारण उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती हैं।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। हिरण का मांस कहां से लाया गया था और इसकी तस्करी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसका पता लगाने के लिए पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।
