जालना: मोटरसाइकिल चोरी के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, 4.30 लाख रुपये की 10 मोटरसाइकिलें बरामद

जालना/कादरी हुसैन
जालना जिले में मोटरसाइकिल चोरी के मामलों का पर्दाफाश करते हुए स्थानीय अपराध शाखा (LCB) ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से विभिन्न कंपनियों की कुल 10 मोटरसाइकिलें, जिनकी अनुमानित कीमत 4 लाख 30 हजार रुपये है, बरामद की गई हैं। इस कार्रवाई से मोटरसाइकिल चोरी के 8 मामलों का खुलासा हुआ है।
पुलिस अधीक्षक तेघबीर सिंह संधू ने स्थानीय अपराध शाखा के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जालना जिले में मोटरसाइकिल चोरी के मामलों में शामिल आरोपियों की तलाश कर अपराधों का पर्दाफाश करने के निर्देश दिए थे।
इसी क्रम में 11 अगस्त 2026 को पानशेंद्रा, जिला जालना निवासी संतोष भाऊराव पाचरणे की शाइन मोटरसाइकिल कणकेश्वर मंदिर परिसर से अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर ली गई थी। इस मामले में तालुका जालना पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 589/2026 के तहत बीएनएस की धारा 303(2) के अनुसार मामला दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि उक्त मोटरसाइकिल गणेश उर्फ संतोष शंकर शिंदे निवासी कालिकानगर, शिर्डी, जिला अहिल्यानगर और सौरभ विक्की रोजारिओ निवासी शिर्डी, जिला अहिल्यानगर ने चोरी की है। जानकारी के आधार पर स्थानीय अपराध शाखा की टीम ने 26 सितंबर 2026 को शिर्डी से दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर जालना शहर के उड़ान कॉम्प्लेक्स, लक्कड़कोट, परभणी तथा छत्रपति संभाजीनगर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी करने की बात कबूल की। आरोपियों के कब्जे से यूनिकॉर्न, शाइन, स्प्लेंडर, सुपर स्प्लेंडर और सी.डी. डॉन सहित विभिन्न कंपनियों की कुल 10 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं, जिनकी कुल कीमत करीब 4 लाख 30 हजार रुपये है।
इन मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं के संबंध में तालुका जालना, सदर बाजार, कदीम जालना, जिन्सी, एमआईडीसी सिडको (छत्रपति संभाजीनगर) तथा मानवत (जिला परभणी) पुलिस थानों में मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई से कुल 8 अपराधों का खुलासा हुआ है।
दोनों आरोपियों को बरामद मोटरसाइकिलों के साथ तालुका जालना पुलिस थाने में पेश किया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक तेघबीर सिंह संधू, अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम साळी तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी अनंत कुलकर्णी के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक पंकज जाधव, पुलिस उपनिरीक्षक राजेंद्र वाघ, सहायक फौजदार रामप्रसाद पव्हरे, पुलिस अमलदार रमेश राठोड, प्रभाकर वाघ, कैलास खाडे, रुस्तुम जैवाळ, ईरशाद पटेल, बाबा गायकवाड, संदीप चिंचोले, धीरज भोसले, वसंत धस तथा चालक अशोक जाधवर ने की।
