मंदिरों में चोरी का बड़ा खुलासा, भोकरदन पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा

जालना | कादरी हुसैन
भोकरदन पुलिस ने क्षेत्र के दो मंदिरों में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 10 हजार रुपये कीमत का चांदी का मुकुट बरामद किया है। साथ ही चोरी में इस्तेमाल की गई करीब 30 हजार रुपये कीमत की होंडा शाइन मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर 2026 की मध्यरात्रि से सुबह 7 बजे के बीच मुठाड गांव स्थित श्रीदेवी माता मंदिर और तांदुळवाडी गांव स्थित विठ्ठल-रुक्मिणी मंदिर में चोरी हुई थी। चोरों ने श्रीदेवी माता मंदिर से चांदी का मुकुट और सोने की नथ, जबकि विठ्ठल-रुक्मिणी मंदिर से सोने के मणियों वाला मंगलसूत्र और नकदी चोरी कर ली थी। चोरी गए सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई गई थी।
घटना के बाद भोकरदन पुलिस थाने में गु.र.नं. 510/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 में मामला दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि चोरी किए गए आभूषणों को बेचने के लिए दो युवक कन्नड़ शहर के सराफा कारोबारियों के पास पहुंचे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कन्नड़ पहुंचकर दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोकुल जगन जाधव और करण उत्तम राठोड, दोनों निवासी गुदमा तांडा, तहसील कन्नड़, जिला छत्रपति संभाजीनगर के रूप में हुई है।
आरोपियों के कब्जे से करीब 10 हजार रुपये कीमत का चांदी का मुकुट बरामद किया गया। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई होंडा शाइन मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। अन्य चोरी किए गए आभूषणों और नकदी की बरामदगी को लेकर पुलिस की जांच जारी है।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक तेगबीरसिंह संधू, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. विक्रम साळी और उपविभागीय पुलिस अधिकारी डॉ. नितीन कटेकर के मार्गदर्शन में की गई। भोकरदन थाना प्रभारी संतोष माने के नेतृत्व में पुलिस उपनिरीक्षक सागर शिंदे, पुलिस हेड कांस्टेबल योगेश दाभाडे और पुलिस कांस्टेबल योगेश गवळी ने कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मामले की आगे की जांच भोकरदन पुलिस द्वारा जारी है।
