AurangabadBreaking News

औरंगाबाद: नवरात्रि से पहले दर्दनाक हादसा: कंटेनर की टक्कर से देवी ज्योत यात्रा में शामिल तीन युवकों की मौत, एक गंभीर

औरंगाबाद • खासदार टाईम्स वृत्तसेवा 

नवरात्रि उत्सव शुरू होने से ठीक पहले एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। श्री क्षेत्र तुलजापुर से श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ पैदल देवी की मशाल ज्योत लेकर अपने गांव लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ चल रही एक दोपहिया गाड़ी को तेज रफ्तार कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे बीड-सोलापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पिंपलगांव पांढरी क्षेत्र में हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, खुलताबाद तालुका के गोलेगांव और जाफराबादवाड़ी के श्रद्धालु युवक हर साल की परंपरा के अनुसार तुलजापुर से देवी की पवित्र ज्योत लेकर पैदल अपने गांव की ओर रवाना हुए थे। पैदल यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं की सहायता और सड़क पर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कुछ साथी दोपहिया वाहन से उनके साथ चल रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार कंटेनर ने उनकी दोपहिया गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि जाफराबादवाड़ी निवासी और कातशेवाड़ी फाटा में गैरेज चलाने वाले अक्षय बिजलसिंग राजपूत (28) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल गोलेगांव निवासी अमोल औटे और गोरख म्हस्कर को तत्काल उपचार के लिए औरंगाबाद स्थित शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (घाटी) में भर्ती कराया गया। हालांकि, उपचार के दौरान इन दोनों युवकों ने भी दम तोड़ दिया।

वहीं, हाथों में देवी की पवित्र ज्योत लेकर पैदल चल रहे चिमणापुर निवासी शुभम आघाने (20) इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका औरंगाबाद के घाटी अस्पताल में उपचार जारी है।

हादसे के बाद कंटेनर चालक फरार

हादसे के बाद घायलों की मदद करने के बजाय कंटेनर चालक ने वाहन नहीं रोका। टक्कर के बाद दोपहिया गाड़ी कंटेनर के निचले हिस्से में फंस गई थी। इसके बावजूद चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और करीब पांच किलोमीटर तक दोपहिया गाड़ी को सड़क पर घसीटता हुआ ले गया। चित्तेपिंपलगांव पुल के पास गाड़ी नीचे गिरने के बाद भी चालक नहीं रुका और कंटेनर लेकर मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। करमाड पुलिस थाने की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने बचाव कार्य चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। फरार कंटेनर चालक की तलाश के लिए पुलिस ने अलग-अलग टीमें रवाना की हैं।

नवरात्रि उत्सव की शुरुआत से ठीक पहले हुए इस हादसे में तीन युवकों की मौत से गोलेगांव, जाफराबादवाड़ी और खुलताबाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। श्रद्धा और भक्ति के साथ देवी की ज्योत लेकर लौट रहे युवकों की असमय मौत से उनके परिवारों और परिचितों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button