AurangabadBreaking NewsCrime News

इम्तियाज जलील को जान से मारने की धमकी, कार्यालय में मिला सुपारी दिए जाने का दावा करने वाला पत्र; राजनीतिक हलकों में हड़कंप

औरंगाबाद • खासदार टाईम्स 

AIMIM के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद इम्तियाज जलील को जान से मारने की धमकी मिलने से राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। उनके औरंगाबाद स्थित कार्यालय में एक धमकी भरा पत्र मिला है, जिसमें उन्हें जान से मारने के लिए सुपारी दिए जाने का दावा किया गया है।

जानकारी के अनुसार, धमकी भरे पत्र में अहमदनगर के एक युवक का नाम और पूरा पता भी दर्ज किया गया है। पत्र में दावा किया गया है कि उक्त युवक को इम्तियाज जलील की हत्या की सुपारी दी गई है और उन्हें किसी भी समय निशाना बनाया जा सकता है।

पत्र मिलने के बाद इम्तियाज जलील ने इसे पुलिस प्रशासन को सौंपते हुए मामले की गंभीरता से जांच करने की मांग की है। पुलिस इस पत्र की सत्यता, उसमें दर्ज नाम-पते और धमकी के पीछे शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए इम्तियाज जलील ने कहा कि जब से वे राजनीति में आए हैं, तब से उन्हें डराने और खामोश करने के लिए समय-समय पर धमकी भरे फोन कॉल और पत्र मिलते रहे हैं। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी धमकियों से वे डरने वाले नहीं हैं और न ही सरकार या विपक्षी नेताओं के खिलाफ अपनी आवाज उठाना बंद करेंगे।

गौरतलब है कि इससे पहले जनवरी 2026 में भी औरंगाबाद में चुनाव प्रचार के दौरान इम्तियाज जलील के काफिले और वाहन पर हमला करने की कोशिश की गई थी। अब एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिलने के बाद उनकी सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।

फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही इस धमकी भरे पत्र की वास्तविकता और इसके पीछे की साजिश का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button