देशी कट्टा रखने वाला आरोपी बुलेट मोटरसाइकिल समेत गिरफ्तार; 1.40 लाख रुपये का माल जब्त, चंदनझिरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई!

जालना/कादरी हुसैन
दिवाली पर्व के मद्देनजर जालना जिले में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने तथा नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अवैध हथियार रखने और उनका इस्तेमाल कर दहशत फैलाने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश पुलिस अधीक्षक एवं अपर पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को दिए हैं।
इसी के तहत चंदनझिरा पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक किरण बिडवे ने अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के लिए पुलिस टीम को निर्देशित किया था।
दिनांक 07 नवंबर 2026 को दिवाली की पूर्व संध्या पर चंदनझिरा पुलिस स्टेशन के अधिकारी एवं कर्मचारी सुंदरनगर परिसर में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि आकाश रमेश गायकवाड़ (उम्र 28 वर्ष), निवासी सुंदरनगर, चंदनझिरा, जालना, अपनी कमर में देशी कट्टा रखकर बुलेट मोटरसाइकिल पर घूम रहा है और क्षेत्र में दहशत फैलाने का प्रयास कर रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक किरण बिडवे के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने दो पंचों की मौजूदगी में सुंदरनगर स्थित वैशाली किराना स्टोर के पीछे वाली गली में कार्रवाई की। इस दौरान संदिग्ध आरोपी बुलेट मोटरसाइकिल पर आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर पंचों के समक्ष तलाशी ली, तो उसकी कमर से मैगजीन सहित एक देशी कट्टा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 40 हजार रुपये कीमत का मैगजीन सहित देशी कट्टा और 1 लाख रुपये कीमत की रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल (क्रमांक MH-21-CE-5302) सहित कुल 1 लाख 40 हजार रुपये का माल जब्त किया।
इस मामले में आरोपी आकाश रमेश गायकवाड़ के खिलाफ चंदनझिरा पुलिस स्टेशन में भारतीय हथियार अधिनियम की धारा 3/25 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी आकाश रमेश गायकवाड़ पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज अपराधी है। उसके खिलाफ इससे पहले लूटपाट, मारपीट और भारतीय हथियार अधिनियम के तहत भी मामले दर्ज हैं। मामले की आगे की जांच चंदनझिरा पुलिस कर रही है।
दिवाली पर्व के मद्देनजर नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अवैध हथियार रखने तथा सार्वजनिक स्थानों पर दहशत फैलाने वाले अपराधियों के खिलाफ चंदनझिरा पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाकर लगातार कार्रवाई की जा रही है। त्योहार के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन सतर्क है। ऐसी आपराधिक गतिविधियों को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, यह जानकारी पुलिस निरीक्षक किरण बिडवे ने दी।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री तेघबीर सिंह संधू, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. विक्रम साली तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी श्री अनंत कुलकर्णी के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक किरण बिडवे, पुलिस उपनिरीक्षक सय्यद अफसर सय्यद हुसैन तथा पुलिस कर्मचारियों पोहेकॉ सुभाष पवार, प्रशांत देशमुख, कृष्णा तंगे, राजेंद्र पवार, संतोष वनवे, शरद पवार एवं सागर खैरे ने की।
