पहलगाम आतंकी हमले के बाद जयपुर में बवाल, बीजेपी विधायक पर मस्जिद के बाहर भड़काऊ पोस्टर लगाने का आरोप

पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद देशभर में आक्रोश का माहौल है। इसी कड़ी में राजस्थान की राजधानी जयपुर में भी विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। लेकिन यह प्रदर्शन उस वक्त बवाल में बदल गया जब बीजेपी विधायक बालमुकुंद आचार्य अपने समर्थकों के साथ ‘पाकिस्तान मुर्दाबाद’ लिखे पोस्टर लेकर प्रदर्शन स्थल से निकलकर जौहरी बाजार स्थित एक मस्जिद के बाहर पहुंच गए। आरोप है कि वहां उन्होंने पोस्टर लगाए और ‘जय श्री राम’ के नारे लगाए।
इस घटना के बाद जयपुर में तनाव का माहौल बन गया। शुक्रवार देर रात हजारों की संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए और बीजेपी विधायक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग करने लगे। भारी दबाव के बाद प्रशासन ने कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों ने अपना विरोध समाप्त किया।
इधर, विधायक बालमुकुंद आचार्य और उनके समर्थकों पर कई आपत्तिजनक नारे लगाने और धार्मिक भावनाएं भड़काने के आरोप लगे हैं। अब उनके खिलाफ आधिकारिक रूप से मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और शहर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
