हिंदू लड़की को मुस्लिम समझ बैठा – दुपट्टे ने छीना हक, मनुवादी लेखपाल की सोच ने तबाह किया भविष्य

अलीगढ़: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में इंसाफ को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक होनहार छात्रा हेमा कश्यप सिर्फ इसलिए NEET की परीक्षा नहीं दे सकी क्योंकि उसने सिर पर दुपट्टा लिया हुआ था। लेखपाल ने उसे मुस्लिम समझकर तीन बार उसका OBC जाति प्रमाण पत्र रिजेक्ट कर दिया, जिससे उसका डॉक्टर बनने का सपना टूट गया।
पूरा मामला
अलीगढ़ के मंजूरगढ़ी गांव की रहने वाली हेमा कश्यप ने साल भर से मेहनत कर NEET की तैयारी की थी। मजदूरी करने वाले पिता सुरेंद्र सिंह ने बेटी की पढ़ाई के लिए हर संभव कोशिश की। परीक्षा के लिए जरूरी दस्तावेजों में OBC सर्टिफिकेट रह गया था, जिसे पाने के लिए हेमा ने तीन बार ऑनलाइन आवेदन किया, लेकिन हर बार उसका आवेदन रिजेक्ट कर दिया गया।
वजह? सिर पर दुपट्टा!
लेखपाल ने बिना किसी जांच के, सिर्फ दुपट्टा देखकर यह मान लिया कि हेमा मुस्लिम है और उसकी जाति पर संदेह जताते हुए आवेदन खारिज कर दिया। जब हेमा खुद तहसील पहुंची और तहसीलदार से शिकायत की, तब जाकर लेखपाल को फटकार लगी और प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए।
“मुझे सिर्फ सर्टिफिकेट नहीं, न्याय चाहिए”
हेमा यहीं नहीं रुकी। उसने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर लेखपाल के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। जिलाधिकारी संजीव रंजन ने मामले को गंभीरता से लिया और जांच के आदेश दिए। कुछ ही दिनों में जांच पूरी हुई और लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई की गई।
मनुवादी सोच की पोल खुली
इस घटना से साफ़ ज़ाहिर होता है कि मनुवादी मानसिकता रखने वालों के दिलों में मुसलमानों के प्रति कितनी गहरी नफ़रत भरी पड़ी है। सिर्फ एक दुपट्टा देख कर किसी को मुस्लिम समझ लेना और उसके अधिकार छीन लेना, न सिर्फ भेदभाव का प्रमाण है बल्कि भारत के संविधान और समता के सिद्धांतों की भी अवहेलना है।
हेमा का कहना है –
“मेरी पहचान मेरी मेहनत है, दुपट्टा नहीं। एक लड़की क्या पहनती है, इससे उसके अधिकार नहीं बदल सकते। मुझे इंसाफ चाहिए, ताकि आगे किसी और लड़की के साथ ऐसा न हो।”
यह सिर्फ एक लड़की की लड़ाई नहीं, यह पूरे सिस्टम को आइना दिखाने वाली कहानी है। क्या सिर पर दुपट्टा अब पहचान तय करेगा? क्या एक छात्रा के सपने महज एक पूर्वाग्रह की बलि चढ़ जाएंगे?
