सुशांत केस में बीजेपी की साजिश बेनकाब? कांग्रेस ने लगाए गंभीर आरोप

मुंबई: अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत मामले में सीबीआई द्वारा क्लोजर रिपोर्ट दाखिल किए जाने के बाद महाराष्ट्र कांग्रेस ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा है। कांग्रेस प्रवक्ता सचिन सावंत ने कहा कि भाजपा ने इस केस का इस्तेमाल महा विकास अघाड़ी (MVA) सरकार को बदनाम करने और बिहार चुनाव में फायदा उठाने के लिए किया था, लेकिन अब सीबीआई की रिपोर्ट से उनकी “गंदी राजनीति” नाकाम हो गई।
कांग्रेस का आरोप: BJP ने सुशांत केस का राजनीतिक फायदा उठाया
सचिन सावंत ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि बीजेपी ने महाराष्ट्र सरकार और मुंबई पुलिस की छवि खराब करने के लिए इस केस को जानबूझकर तूल दिया। उन्होंने कहा कि बिहार पुलिस ने सीआरपीसी का उल्लंघन कर ज़ीरो एफआईआर दर्ज की और केस सीबीआई को सौंप दिया, जो कि गैरकानूनी था।
मुंबई पुलिस की छवि को किया बदनाम
सावंत ने कहा कि सुशांत की मौत के बाद तीन जांच एजेंसियां इस केस में लगीं, लेकिन महीनों तक कोई नतीजा नहीं निकला। उन्होंने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट्स बनाकर एक प्रोपेगेंडा चलाया गया ताकि यह साबित किया जा सके कि सुशांत की हत्या हुई थी और महाराष्ट्र सरकार इसे छिपा रही थी।
रिया चक्रवर्ती को निशाना बनाया गया
सावंत ने कहा कि भाजपा की “गंदी राजनीति” में रिया चक्रवर्ती को परेशान किया गया और सुशांत के परिवार पर दबाव बनाया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि सीबीआई और ईडी जैसी राष्ट्रीय जांच एजेंसियों का राजनीतिक लाभ के लिए दुरुपयोग किया गया, जिससे उनकी विश्वसनीयता पर भी सवाल उठता है।
CBI रिपोर्ट में हत्या की थ्योरी को किया खारिज
सीबीआई ने मुंबई की एक विशेष अदालत में अपनी रिपोर्ट पेश कर दी है, जिसमें एम्स के फोरेंसिक विशेषज्ञों ने “जहर और गला घोंटने” की थ्योरी को खारिज कर दिया। अब अदालत तय करेगी कि इस रिपोर्ट को स्वीकार किया जाए या आगे जांच जारी रखी जाए।
14 जून 2020 को मृत मिले थे सुशांत
बता दें कि सुशांत सिंह राजपूत 14 जून, 2020 को मुंबई के बांद्रा स्थित अपने अपार्टमेंट में मृत पाए गए थे। उनकी मौत को शुरुआत में आत्महत्या माना गया, लेकिन परिवार ने साजिश का शक जताया था। इस केस ने देशभर में सुर्खियां बटोरी थीं और सीबीआई, ईडी और एनसीबी जैसी एजेंसियों ने इसकी जांच की थी।
