BiharBreaking NewsCrime News

6 साल से मुस्लिम बनकर मस्जिद में छिपा था 50 हजार का इनामी नवीन कुमार, ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थे

बिहार के जमुई जिले का 50 हजार रुपये का इनामी अपराधी छह साल बाद उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले की एक मस्जिद से गिरफ्तार किया गया। आरोपी नवीन कुमार बनेली खुद को मुस्लिम बताकर मस्जिद में रह रहा था और अपना नाम मोहम्मद नियाज रख चुका था। वह पांचों वक्त की नमाज पढ़ता था और मस्जिद के सभी कामकाज जैसे सफाई, बिजली और हिसाब-किताब भी संभालता था।

पुलिस को सर्विलांस के जरिए नवीन के देवरिया में छिपे होने की जानकारी मिली, जिसके बाद जमुई पुलिस की एक स्पेशल टीम ने देवरिया पहुंचकर मस्जिद से उसे दबोच लिया।

नवीन कुमार पर हत्या, लूट, रंगदारी और डकैती जैसे गंभीर अपराधों के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, उस पर अंतिम मुकदमा पांच साल पहले दर्ज हुआ था और तब से वह फरार था। गिरफ्तारी के बाद जब देवरिया के लोगों को उसकी असलियत का पता चला तो इलाके में सनसनी फैल गई।

स्थानीय लोगों ने बताया कि नवीन मस्जिद परिसर में ही रहता था और उसने सबका इतना भरोसा जीत लिया था कि उसे वहां मकान तक दे दिया गया था। हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि उसने धर्म परिवर्तन किया था या सिर्फ पहचान छिपाने के लिए मुस्लिम बना हुआ था।

जमुई के एसपी मदन कुमार आनंद ने बताया कि नवीन एक बेहद शातिर अपराधी है और गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने चालाकी से खुद को पूरी तरह बदल लिया था। वह अपने परिवार के संपर्क में भी था और परिजन उससे मिलने देवरिया आते थे, लेकिन दूसरी जगहों पर मुलाकात होती थी ताकि किसी को शक न हो।

फिलहाल आरोपी को बिहार लाया जा चुका है और उससे आगे की पूछताछ जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button