उद्धव ठाकरे ने अभिजीत दीपके को ‘मातोश्री’ आने का दिया निमंत्रण

औरंगाबाद | खासदार टाईम्स वृत्तसेवा
दिल्ली में हुए आंदोलन के बाद औरंगाबाद लौटे कॉक्रोच जनता पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष अभिजीत दीपके को अब शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने मुंबई स्थित ‘मातोश्री’ पर मुलाकात के लिए आमंत्रित किया है।
गुरुवार को शिवसेना नेता एवं पूर्व सांसद चंद्रकांत खैरे ने बजाज नगर स्थित अभिजीत दीपके के निवास पर जाकर उनसे मुलाकात की। इस दौरान खैरे के मोबाइल फोन पर उद्धव ठाकरे ने अभिजीत दीपके से बातचीत की और उन्हें मुंबई आकर मातोश्री में मिलने का निमंत्रण दिया।
चंद्रकांत खैरे ने कहा कि दिल्ली में आंदोलन के माध्यम से औरंगाबाद जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने तथा छात्रों के भविष्य के लिए संघर्ष करने पर अभिजीत दीपके ने सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि गौरव की बात है और इतिहास में दर्ज की जाएगी।
मुलाकात के दौरान चंद्रकांत खैरे ने दीपके परिवार के साथ काफी समय तक चर्चा की। इसी दौरान उद्धव ठाकरे ने अभिजीत दीपके के माता-पिता से भी फोन पर बातचीत कर उनके प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर अभिजीत दीपके के माता-पिता ने भी चंद्रकांत खैरे के सांसद रहने के दौरान किए गए सहयोग को याद करते हुए पुरानी स्मृतियां साझा कीं।
इस मौके पर शिवसेना के उपजिल्हाप्रमुख अरविंद धीवर, तालुकाप्रमुख विष्णु जाधव, शहरप्रमुख विशाल खंडागळे, पूर्व ग्राम पंचायत सदस्य बजरंग पाटील, विभागप्रमुख अशोक कटारे, यशवंत चौधरी, शाखाप्रमुख राजू चव्हाण, खेडकर, ओंकार देशमुख सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।