Breaking NewsCrime NewsMaharashtra

अहमदनगर: पत्नी से चल रहे विवाद के चलते पति ने साथीदार संग की हत्या, सबूत मिटाने के लिए जलाया शव

अहमदनगर जिले के कोपरगांव तालुका में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पति ने अपने साथीदार की मदद से पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए शव पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर जलाने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस ने अर्धजली अवस्था में शव बरामद कर लिया और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।

8 अगस्त को कोपरगांव तालुका के डाऊच शिवार इलाके में एक महिला का अर्धजला शव मिला था। शव की पहचान न होने के कारण पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि महिला की गला घोंटकर हत्या की गई थी। इसके बाद कोपरगांव शहर पुलिस ने इलाके के पेट्रोल पंपों पर पूछताछ की और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर सुराग जुटाए।

पुलिस ने अहमदनगर, नासिक और  औरंगाबाद जिलों में इस महिला से मिलते-जुलते लापता व्यक्तियों की जानकारी जुटाई। इसी दौरान कोपरगांव तालुका पुलिस थाने में संजय उर्फ बापू मोहिते नामक व्यक्ति की गुमशुदगी की शिकायत उसके रिश्तेदारों ने दर्ज कराई। गुमशुदगी की जांच के दौरान खुलासा हुआ कि अर्धजला शव वनिता उर्फ वर्षा संजय मोहिते का है और उसके पति संजय ने ही साथीदार की मदद से उसकी हत्या की है।

आरोपी संजय मोहिते को पुलिस ने राहाता तालुका के सावळीविहीर इलाके से गिरफ्तार किया। बताया गया कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और वनिता अलग रह रही थी। उसने संजय के खिलाफ कई मामले दर्ज कराए थे, जिसके चलते संजय लगातार कोर्ट के वारंट से परेशान था। कुछ दिन पहले वनिता नागपुर से कोपरगांव आई, जहां संजय ने उससे मीठी-मीठी बातें कर पुणे जाने का बहाना बनाया। रास्ते में सुनसान जगह पर उसने अपने साथीदार के साथ मिलकर गला घोंटा और चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी। बाद में सबूत मिटाने के लिए बाइक से पेट्रोल निकालकर शव को जलाने की कोशिश की।

अदालत ने आरोपी संजय को छह दिन की पुलिस हिरासत में भेजा है, जबकि उसका फरार साथीदार अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। मात्र तीन दिनों में इस हत्या का पर्दाफाश करने पर कोपरगांव शहर पुलिस की व्यापक सराहना की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button