पहलगाम आतंकी हमले से उबाल: नितेश राणे बोले – “सामान खरीदने से पहले दुकानदार से धर्म पूछें”

22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद देशभर में आक्रोश का माहौल है। इस हमले में आतंकियों ने 26 निर्दोष लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी थी। चश्मदीदों के अनुसार, आतंकियों ने लोगों से धर्म पूछकर उन्हें गोली मारी और कलमा पढ़ने के लिए मजबूर किया। हमले में हिंदुओं को विशेष रूप से निशाना बनाए जाने से देश में गुस्सा और चिंता दोनों बढ़ गई है।
इस हमले के बाद महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और बीजेपी नेता नितेश राणे ने एक विवादित बयान देते हुए हिंदुओं से अपील की है कि वे किसी भी दुकानदार से सामान खरीदने से पहले उनका धर्म पूछें। रत्नागिरी जिले के दापोली में हिंदू धर्म सभा को संबोधित करते हुए राणे ने कहा, “अगर दुकानदार कहता है कि वह हिंदू है, तो उससे हनुमान चालीसा पढ़ने को कहिए। अगर वह नहीं पढ़ पाता, तो उससे कुछ मत खरीदिए।”
राणे ने आगे कहा कि अब हिंदू संगठनों को आगे आकर एकजुटता दिखानी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि जब हमारे धर्म के आधार पर हमें मारा जा रहा है, तो अब हमें भी जागना होगा और जवाब देना होगा। उन्होंने कहा कि अगर कोई दुकानदार अपना धर्म नहीं बताता या झूठ बोलता है, तो उससे खरीदारी न की जाए।
नितेश राणे के इस बयान पर राजनीति गरमा गई है और विपक्षी दलों ने इसे सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने वाला करार दिया है। वहीं कुछ दक्षिणपंथी संगठनों ने राणे के बयान का समर्थन भी किया है।
पहलगाम हमले के बाद केंद्र सरकार ने भी सख्त कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। आतंकियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है और पाकिस्तान को कड़ा संदेश देने की बात कही जा रही है।
