Breaking NewsIndia & The StatesPolitics

वक्फ संपत्तियों पर सरकार की नज़र? उदयनिधि स्टालिन ने किया बड़ा दावा

चेन्नई के रॉयापेट्टा स्थित वाईएमसीए ग्राउंड में मंगलवार को तमिलनाडु वक्फ बोर्ड द्वारा आयोजित इफ्तार समारोह में उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने रमजान की शुभकामनाएं दीं और कहा कि तमिलनाडु में अल्पसंख्यक समुदाय को घर जैसा महसूस होता है, क्योंकि द्रविड़ मॉडल सरकार सभी के हितों की रक्षा करती है।

केंद्र सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

डिप्टी सीएम उदयनिधि स्टालिन ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार लगातार ऐसी योजनाएं लाती है, जिससे अल्पसंख्यकों को प्रताड़ित किया जाता है। उन्होंने केंद्र पर मुस्लिमों की संपत्तियों का दुरुपयोग करने और वक्फ अधिनियम में संशोधन के जरिए वक्फ संपत्तियों को हड़पने की साजिश रचने का आरोप लगाया।

वक्फ अधिनियम संशोधन का किया विरोध

स्टालिन ने कहा कि केंद्र सरकार वक्फ बोर्ड में गैर-मुस्लिम सदस्यों को शामिल करने की योजना बना रही है, जिससे मुस्लिम समुदाय के हितों को नुकसान पहुंचेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर यह संशोधन पारित होता है, तो द्रमुक सरकार इसका कड़ा विरोध करेगी।

हिंदी भाषा को लेकर केंद्र को चेतावनी

उदयनिधि स्टालिन अक्सर अपने विवादित बयानों को लेकर चर्चा में रहते हैं। हाल ही में उन्होंने नई शिक्षा नीति और हिंदी भाषा को लेकर भी केंद्र सरकार की आलोचना की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि यूपी-बिहार में हिंदी को जबरदस्ती थोपा गया, जिससे वहां की स्थानीय भाषाएं खत्म हो गईं। उन्होंने केंद्र को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर तमिलनाडु पर हिंदी थोपने की कोशिश की गई, तो राज्य ‘भाषा युद्ध’ से पीछे नहीं हटेगा।

इस इफ्तार समारोह में बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग मौजूद थे, जिन्होंने डिप्टी सीएम के बयानों का समर्थन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button