कोल्हापुर: भाई ने भाई को मरवाया, 6 लाख की सुपारी देकर की हत्या, 4 आरोपी गिरफ्तार

कोल्हापुर जिले के शिरोळ तहसील में एक रौंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है, जिसमें भाई-भाई के रिश्ते को शर्मसार करते हुए एक व्यक्ति ने अपने ही सगे भाई की हत्या करवाने के लिए 6 लाख रुपये की सुपारी दी। यह चौंकाने वाला खुलासा पुलिस की जांच में हुआ है।
जानकारी के अनुसार, 27 मई को शिरोळ तहसील के तमदलगे गांव के पास स्थित बसवान खिंड के सुनसान पहाड़ी इलाके में एक युवक की बेरहमी से पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी गई थी। मृतक की पहचान अविनाश उर्फ दीपक ओमगोंडा पाटील के रूप में हुई है। अज्ञात हमलावरों ने उसे इतनी बेरहमी से मारा था कि पहचानना मुश्किल हो गया था।
घटना के बाद जयसिंगपुर पुलिस थाने में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने सभी पहलुओं से जांच की, लेकिन कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा। इसके बाद पुलिस ने मृतक के घरवालों से पूछताछ शुरू की। इसी दौरान मृतक के बड़े भाई जिनगोंडा ओमगोंडा पाटील पर शक गहरा गया।
जब पुलिस ने उससे कड़ाई से पूछताछ की, तो वह टूट गया और सच्चाई कबूल कर ली। जिनगोंडा ने बताया कि उसने अपने सगे भाई अविनाश की हत्या कराने के लिए 6 लाख रुपये की सुपारी दी थी।
कोल्हापुर की स्थानीय अपराध शाखा और जयसिंगपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में जिनगोंडा समेत कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। हालांकि, जिनगोंडा ने यह जघन्य अपराध क्यों किया, इसकी असली वजह अब तक सामने नहीं आई है।
पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही हत्या के पीछे के असली कारण का खुलासा होने की संभावना है।
