पांच लीटर की टंकी में छह लीटर पेट्रोल! विदिशा में पेट्रोल पंप का बड़ा फर्जीवाड़ा उजागर, ग्राहक ने मौके पर खोल दी गाड़ी

मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में एक पेट्रोल पंप की बड़ी धांधली का खुलासा हुआ है, जहां पांच लीटर की टंकी में छह लीटर पेट्रोल भरने का दावा किया गया। हैरान करने वाली यह घटना तब सामने आई जब एक सतर्क ग्राहक ने पेट्रोल की मात्रा पर शक होने पर अपनी मोपेड गाड़ी वहीं पेट्रोल पंप पर खोल दी।
ग्राहक ने बताया कि उसने छह लीटर पेट्रोल के पैसे दिए और पर्ची भी उसी मात्रा की मिली, लेकिन उसकी गाड़ी चालू नहीं हुई। शक होने पर उसने वहीं हंगामा किया और जब टंकी खोली तो उसमें केवल पांच लीटर पेट्रोल ही था। ग्राहक का दावा है कि उसकी मोपेड की टंकी की अधिकतम क्षमता सिर्फ पांच लीटर की है, ऐसे में छह लीटर पेट्रोल उसमें आ ही नहीं सकता।
घटना की खबर फैलते ही पेट्रोल पंप पर लोगों की भीड़ लग गई। इसी बीच मोपेड निर्माता कंपनी के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने पुष्टि की कि उस मॉडल की टंकी वाकई पांच लीटर की ही है।
इसके बाद प्रशासन हरकत में आया और नापतौल विभाग की टीम जांच के लिए पहुंची। अधिकारियों ने मौके पर दोबारा पेट्रोल डलवाकर जांच की, जिसमें साफ हो गया कि टंकी में केवल पांच लीटर पेट्रोल ही आया।
हालांकि, अधिकारी कैमरे पर कुछ बोलने से बचते नजर आए, लेकिन जांच कर कार्रवाई का आश्वासन जरूर दिया गया है। इस घटना ने एक बार फिर पेट्रोल पंपों की पारदर्शिता और निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
