जिल्हाधिकारी दिलीप स्वामी ने कहा – कानून व्यवस्था के साथ विकास कार्यों में भी पुलिस पाटिल दें योगदान
प्रतिनिधि : नाज़िम क़ाज़ी

औरंगाबाद : जिल्हाधिकारी दिलीप स्वामी ने जिले के सभी पुलिस पाटिलों से अपील की है कि वे केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित न रहें, बल्कि गांव के विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के कार्यान्वयन में भी सक्रिय भागीदारी निभाएं।
स्वामी मंगलवार को जिले के सभी पुलिस पाटिलों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद कर रहे थे। इस बैठक में पुलिस अधीक्षक विनयकुमार राठौड़, अपर जिल्हाधिकारी प्रवीण फुलारी, निवासी उपजिल्हाधिकारी विनोद खिरोळकर, पैठण की उपविभागीय अधिकारी नीलम बाफना, वैजापुर के उपविभागीय अधिकारी अरुण जराड, कन्नड के तहसीलदार विद्याचरण कडावकर, और सोयगांव की तहसीलदार मनीषा मेने मुख्यालय से शामिल हुए। जिले के अन्य उपविभागीय अधिकारी, पुलिस अधिकारी और पुलिस पाटिल तालुका पुलिस थानों से वीडियो प्रणाली के माध्यम से जुड़े।
बैठक में जिल्हाधिकारी ने कहा कि गांवों में कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस पाटिलों की भूमिका बेहद अहम होती है। लेकिन साथ ही वे बाल विवाह की रोकथाम, कुपोषण उन्मूलन, श्मशानभूमि की सुविधा की उपलब्धता, टैंकर वितरण जैसे विकासात्मक और सामाजिक मुद्दों में भी योगदान दें। इससे गांवों का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सकेगा।
