Breaking NewsCrime NewsMadhya Pradesh

भोपाल से पकड़ी गई ‘लुटेरी दुल्हन’ अनुराधा पासवान, 25 फर्जी शादियों से उड़ाए लाखों रुपये

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पुलिस ने एक ऐसी ‘लुटेरी दुल्हन’ को गिरफ्तार किया है, जिसकी कहानी किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है। 23 वर्षीय अनुराधा पासवान, मूल रूप से उत्तर प्रदेश के महाराजगंज की रहने वाली है, लेकिन अब तक वह करीब 25 बार फर्जी शादी कर भोले-भाले युवकों को लाखों का चूना लगा चुकी है।

फर्जी शादी के बाद जेवर-नकदी लेकर होती थी फरार

पुलिस जांच में सामने आया कि अनुराधा अपने गिरोह के साथ मिलकर अकेले कुंवारे युवकों को निशाना बनाती थी। शादी का झांसा देकर पहले उनसे पैसे ऐंठे जाते और फिर कोर्ट मैरिज का नाटक रचा जाता। शादी के कुछ ही दिनों बाद वह ‘दुल्हन’ बनकर घर से जेवर, नकद और मोबाइल लेकर चंपत हो जाती थी।

एक शिकायत से खुला फर्जी रैकेट का राज

राजस्थान के सवाई माधोपुर निवासी विष्णु शर्मा ने 3 मई को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि खंडवा की सुनीता और पप्पू मीना नामक व्यक्तियों ने उन्हें मनपसंद लड़की से शादी का झांसा देकर 2 लाख रुपये लिए और अनुराधा से कोर्ट में विवाह कराया। कुछ दिन बाद ही अनुराधा सारा सामान लेकर भाग गई।

फर्जी ग्राहक बन पुलिस ने रची साजिश, भोपाल से पकड़ी गई आरोपी

मानटाउन थाना पुलिस ने एक कांस्टेबल को फर्जी ग्राहक बनाकर भोपाल भेजा। वहां एक दलाल ने जब अनुराधा की तस्वीर दिखाई तो पुलिस ने तुरंत उसे पहचान लिया और गिरफ्तार कर लिया।

गिरोह के कई सदस्य सक्रिय

इस रैकेट में अनुराधा के अलावा रोशनी, सुनीता, रघुवीर, गोलू और अर्जन जैसे दलालों के शामिल होने की पुष्टि हुई है। ये लोग कुंवारे युवकों को टारगेट करते, फर्जी दस्तावेज तैयार करते और कोर्ट मैरिज का नाटक रचाकर 2 से 5 लाख रुपये तक की ठगी करते थे।

अब तक एक मामला दर्ज, कई राज खुलने की उम्मीद

फिलहाल अनुराधा के खिलाफ सिर्फ एक मामला दर्ज हुआ है, लेकिन पुलिस को शक है कि देशभर में उसके कई और पीड़ित सामने आ सकते हैं। पुलिस उससे लगातार पूछताछ कर रही है और गिरोह के नेटवर्क को खंगाल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button