पुलिस की दरिंदगी से हार गया सलमान, चार दिन की पिटाई के बाद मौत को लगाया गले, परिजनों ने उठाई FIR की मांग

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के क्योलड़िया थाना क्षेत्र में पुलिस हिरासत में अमानवीयता की शर्मनाक तस्वीर सामने आई है। यहां 18 वर्षीय युवक सलमान पर एक लड़की को भगाने का आरोप लगा, जिसके बाद पुलिस ने उसे पकड़कर थाने ले जाकर पूछताछ के नाम पर चार दिनों तक बेरहमी से पीटा।
परिजनों का आरोप है कि सलमान को थर्ड डिग्री टॉर्चर दिया गया, जिससे उसके पूरे शरीर पर गंभीर चोटों के निशान उभर आए। थाने से रिहा होने के कुछ घंटों बाद ही सलमान ने घर जाकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
क्या है मामला?
सलमान बरेली के म्यूड़ी खुर्द गांव का निवासी था। गांव की एक लड़की को भगाने का आरोप उस पर लगा, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि उसे चार दिन तक थाने में रखा गया और इस दौरान बुरी तरह मारा गया।
सलमान के भाई मुमताज़ ने बताया कि उनका भाई निर्दोष था, लेकिन पुलिस ने उसे जेल भेजने की धमकी दी। इस मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से परेशान होकर सलमान ने जान दे दी।
पुलिस पर गंभीर आरोप
परिजनों ने साफ तौर पर कहा है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि पुलिसिया पिटाई से हुई हत्या है। उन्होंने आरोपी पुलिसकर्मियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
पुलिस ने फिलहाल शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है और जांच शुरू कर दी है। मामले ने मानवाधिकारों की खुली अनदेखी और पुलिसिया अत्याचार की गंभीर तस्वीर पेश की है।
यह घटना कई सवाल खड़े करती है — क्या पुलिस को कानून हाथ में लेने का अधिकार है? क्या एक आरोपी को थर्ड डिग्री देना न्यायसंगत है? और यदि कोई निर्दोष हो तो उसका क्या?
इस घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग पूरे इलाके में उठ रही है।
