नागपुर: कन्हान नदी में कूदकर महिला ने की आत्महत्या, छलांग से पहले पति के साथ ली सेल्फी

नागपुर के पास एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक नवविवाहित महिला ने अपने पति के सामने ही कन्हान नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना शनिवार दोपहर करीब 3 बजे नेरी पुल पर हुई। आत्महत्या करने से ठीक पहले महिला ने पति के साथ सेल्फी भी ली थी।
पति की आंखों के सामने पत्नी ने तोड़ा दम
मृतका की पहचान ज्ञानेश्वरी साकोरे (उम्र लगभग 26 वर्ष) के रूप में हुई है। पति विजय साकोरे ने पुलिस को बताया कि वे दोनों कार से कचुरवाही गांव जा रहे थे। रास्ते में कन्हान नदी के पुल पर विजय ने पूजा की माला विसर्जित करने के लिए गाड़ी रोकी। पुल पर कुछ देर रुकने के बाद दोनों ने मोबाइल से एक-दूसरे के साथ सेल्फी ली।
जैसे ही विजय कार की ड्राइविंग सीट की तरफ गया, तभी अचानक ज्ञानेश्वरी ने पुल से नदी में छलांग लगा दी। यह दृश्य देख विजय सन्न रह गया और चीखते हुए मदद के लिए पुकारा, लेकिन आसपास कोई मौजूद नहीं था।
तलाश के बाद मिला शव
सूचना मिलने पर न्यू कामठी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। हालांकि अंधेरा होने के कारण शनिवार शाम को तलाशी रोक दी गई थी। रविवार सुबह आपदा प्रबंधन टीम ने दोबारा तलाशी शुरू की और नदी किनारे पुल के नीचे एक खंभे से सटा ज्ञानेश्वरी का शव बरामद हुआ।
पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए कामठी उपजिला अस्पताल भेज दिया।
तनाव बना आत्महत्या की वजह?
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि ज्ञानेश्वरी मानसिक तनाव में थी। शादी को महज 13 महीने हुए थे और इस दौरान दो बार गर्भपात हो चुका था। पति-पत्नी मिलकर मानेवाड़ा क्षेत्र में एयर टिकट और ट्रेन बुकिंग का व्यवसाय चला रहे थे। पति विजय ने पुलिस को बताया कि ज्ञानेश्वरी पिछले कुछ सप्ताह से चुपचाप और परेशान रहने लगी थी।
पुलिस कर रही है जांच
न्यू कामठी पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक महेश आंधले के मार्गदर्शन में उपनिरीक्षक विकास तिड़के और मनीषा जाधव मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं। पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है।
यह घटना जहां एक ओर रिश्तों में छिपे तनाव को उजागर करती है, वहीं दूसरी ओर यह सवाल खड़ा करती है कि क्या हम अपने आसपास के लोगों के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर सच में सजग हैं?