Breaking NewsMumbai

मुंबई: मुस्लिम फेरीवालों के साथ मारपीट के आरोप में नौ BJP कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज, माहिम अध्यक्ष अक्षता तेंदुलकर भी नामजद

मुंबई के दादर इलाके में मुस्लिम फेरीवालों के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट के आरोप में बीजेपी की माहिम विधानसभा अध्यक्ष अक्षता तेंदुलकर समेत नौ कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। शिकायत शिवाजी पार्क पुलिस स्टेशन में स्थानीय फेरीवाले सौरभ मिश्रा ने दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि मुस्लिम कर्मचारियों के साथ उनके नाम पूछकर मारपीट की गई।

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, 24 अप्रैल की शाम को अक्षता तेंदुलकर और उनके साथी दादर मार्केट इलाके में रंगोली स्टोर के सामने पहुंचे और कथित तौर पर फेरीवालों से उनकी धार्मिक पहचान पूछी। सौरभ मिश्रा के अनुसार, उनके कार्यकर्ता सोफियान शाहिद अली से नाम पूछने के बाद दुर्व्यवहार और मारपीट की गई। जब सोफियान वहां से भागा, तो आरोपियों ने उसका पीछा कर दोबारा हमला किया।

डीसीपी जोन 5 गणेश गावड़े ने बताया कि आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 189(2), 191(2), 115(2), 351(2), 352 और 37(1) 135 MP एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।

वहीं, अक्षता तेंदुलकर ने खुद पर लगे आरोपों को खारिज करते हुए एक न्यूज चैनल से बातचीत में कहा कि उन्होंने बांग्लादेश से आए अवैध अप्रवासियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। उन्होंने दावा किया कि इलाके में फर्जी दस्तावेजों के जरिए रह रहे बांग्लादेशी नागरिक फल और सब्जी का व्यापार कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

तेंदुलकर के मुताबिक, स्थानीय निवासियों में इस मुद्दे को लेकर गुस्सा था और 24 अप्रैल को वे इलाका निरीक्षण करने गई थीं ताकि अवैध गतिविधियों का समाधान खोजा जा सके।

इस घटना को लेकर मुंबई में राजनीतिक माहौल गरमा गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button