सह्याद्री अतिथिगृह के सामने बेस्ट बस से कुचलकर महिला की मौत, मंत्रिमंडल बैठक से पहले मचा हड़कंप

मुंबई: राज्य मंत्रिमंडल की अहम बैठक आज सह्याद्री अतिथिगृह में शुरू होने से कुछ ही समय पहले उसके सामने एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में बेस्ट बस की चपेट में आने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, महिला बस के पिछले पहिए के नीचे आने से कुचली गई। हादसा कैसे हुआ, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बेस्ट बस और एक कार के बीच अचानक एक पैदल चल रही महिला आ गई, जिसके चलते यह हादसा हुआ।
हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और मृत महिला की पहचान व हादसे के कारणों का पता लगाने का काम शुरू कर दिया है।
सह्याद्री अतिथिगृह के सामने हुई इस दुर्घटना ने मंत्रिमंडल बैठक के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
