‘वोट चोरी’ विवाद के बीच पूर्व CEC राजीव कुमार हुए फरार? माल्टा भागने की अफवाह पर मचा बवाल

नई दिल्ली: कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों द्वारा लगाए गए ‘वोट चोरी’ के आरोपों के बीच सोशल मीडिया पर पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) राजीव कुमार को लेकर बड़ी हलचल मच गई। कई यूजर्स और पोस्ट्स में दावा किया गया कि राजीव कुमार भारत छोड़कर माल्टा में बस गए हैं और वहां की नागरिकता ले ली है। इन दावों ने राजनीतिक माहौल को और गरमा दिया।
दरअसल, 2024 के लोकसभा चुनाव और महाराष्ट्र व हरियाणा विधानसभा चुनाव राजीव कुमार की देखरेख में हुए थे। फरवरी 2025 में उनका कार्यकाल समाप्त हुआ। इन्हीं चुनावों को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विपक्षी दल लगातार ‘वोट चोरी’ के आरोप लगा रहे हैं। हाल ही में राहुल गांधी ने कर्नाटक, महाराष्ट्र और हरियाणा में लोकसभा चुनावों में धांधली का आरोप लगाया, जिसके बाद राजीव कुमार एक बार फिर सुर्खियों में आ गए।
सोशल मीडिया पर फैली अफवाहों में कहा गया कि राहुल गांधी के अभियान से दबाव में आकर राजीव कुमार देश छोड़कर माल्टा चले गए। लेकिन अब उनके करीबी सूत्रों और न्यूज एजेंसी पीटीआई ने स्पष्ट किया है कि यह दावा पूरी तरह निराधार है। राजीव कुमार भारत में ही हैं और उन्होंने कहीं भी स्थायी रूप से जाने का फैसला नहीं लिया है।
पूर्व CEC के 4.5 साल के कार्यकाल में 31 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में चुनाव कराए गए, जिनमें 2024 का लोकसभा चुनाव भी शामिल है। उनके नेतृत्व में कई चुनावी सुधार लागू किए गए, जैसे मतदाता पंजीकरण की चार निर्धारित तिथियां, ईआरओनेट 2.0 के जरिए मतदाता सूचियों का डिजिटलीकरण और गलत सूचनाओं से निपटने के लिए ‘मिथक बनाम वास्तविकता’ रजिस्टर की शुरुआत।
हालांकि, राहुल गांधी और तृणमूल कांग्रेस नेता अभिषेक बनर्जी समेत कई विपक्षी नेता चुनाव आयोग और राजीव कुमार पर निशाना साधते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। फिलहाल, सोशल मीडिया पर फैली अफवाहों के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि राजीव कुमार देश छोड़कर नहीं गए हैं और वह भारत में ही मौजूद हैं।
