धाड में अवैध शराब कारोबार पर बड़ी कार्रवाई: हाथभट्टी विक्रेता 1 साल के लिए जेल में स्थानबद्ध

धाड/आबिद लाला
बुलढाणा जिले में अवैध हाथभट्टी शराब बिक्री के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। धाड पुलिस स्टेशन क्षेत्र में लगातार अवैध शराब बेचने वाले आरोपी को एक वर्ष के लिए जेल में स्थानबद्ध किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी कैलास उर्फ राजेंद्र जनार्धन पवार (उम्र 40 वर्ष, निवासी ढालसावंगी, तहसील एवं जिला बुलढाणा) लंबे समय से अवैध हाथभट्टी शराब बिक्री में संलिप्त था। उसके खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज थे, लेकिन उस पर कोई प्रभाव नहीं पड़ रहा था और उसका अवैध कारोबार लगातार बढ़ता जा रहा था।
इस गंभीर स्थिति को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार आरोपी के खिलाफ महाराष्ट्र झोपड़पट्टी गुंडा, हाथभट्टीवाले, मादक पदार्थ अपराधी एवं अन्य खतरनाक व्यक्तियों के नियंत्रण अधिनियम, 1981 (संशोधन 2015) की धारा 3(1) के तहत स्थानबद्ध करने का प्रस्ताव जिला दंडाधिकारी कार्यालय में भेजा गया।
जिला दंडाधिकारी, बुलढाणा द्वारा जांच में यह सामने आया कि आरोपी की अवैध शराब बिक्री से ढालसावंगी गांव और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल बन गया था। नागरिक उसके खिलाफ शिकायत करने से डरते थे और इस अवैध धंधे का नई पीढ़ी पर भी गंभीर दुष्प्रभाव पड़ रहा था।
सभी पहलुओं पर विचार करते हुए जिला दंडाधिकारी, बुलढाणा ने आरोपी को एक वर्ष के लिए जिला कारागृह, बुलढाणा में स्थानबद्ध करने का आदेश जारी किया है। यह कार्रवाई क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से की गई है।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि धाड पुलिस स्टेशन क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार करने वाले अन्य व्यक्तियों की सूची भी तैयार की जा रही है और भविष्य में उनके खिलाफ भी इसी प्रकार की कठोर कार्रवाई की जाएगी।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निलेश तांबे, अपर पुलिस अधीक्षक अमोल गायकवाड़, उपविभागीय पुलिस अधिकारी सुधीर पाटील, पोलीस निरीक्षक (स्थानीय गुन्हे शाखा) सुनील अंमुलकर के मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम देने में ठाणेदार प्रताप दत्तात्रय भोस (धाड), पोलीस हवालदार 1403 बहऱ्हाटे, पोलीस नाईक 2164 देशमाने, पोलीस शिपाई 385 माळी, पोलीस शिपाई 198 खमाटे, पोलीस शिपाई 2553 पठाण, महिला पोलीस शिपाई 2527 कोरडे, पोलीस शिपाई 536 भास्कर जाधव, तथा पोलीस हवालदार 2026 संजय भुजबळ (नियुक्ति स्थानीय गुन्हे शाखा, बुलढाणा) का विशेष योगदान रहा।
