प्रेम प्रसंग में युवक की निर्मम हत्या, प्राइवेट पार्ट पर मारी गोली – कासगंज में सनसनी

उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह सनसनीखेज घटना पटियाली थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर वैश्य गांव की है। सोमवार रात लापता हुए युवक का शव मंगलवार सुबह गांव के बाहर खेतों के पास मिला।
मृतक की पहचान 20 वर्षीय अंकुर के रूप में हुई है, जो कासगंज के नरदोली गांव का निवासी था। सोमवार रात करीब नौ बजे वह पशुओं की देखभाल के लिए खेत की ओर गया था, लेकिन अगली सुबह वह न तो घर लौटा और न ही खेत पर मिला। परिजनों द्वारा खोजबीन के दौरान उसका शव खेत के पास पड़ा मिला, जिससे पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती और सीओ राज कुमार पांडेय मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए।
मृतक के सामान जैसे साइकिल, गमछा और घड़ी अलग-अलग जगहों पर बिखरे मिले, जिससे यह स्पष्ट होता है कि हमलावरों ने उसे रास्ते में घेरकर हत्या की। पोस्टमार्टम से पहले ही यह सामने आया कि अंकुर के प्राइवेट पार्ट पर भी गोली मारी गई थी और उसका चेहरा बुरी तरह से क्षत-विक्षत था, जो वारदात की नृशंसता को दर्शाता है।
परिजनों ने हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग की आशंका जताई है। मृतक के भाई राजीव ने बताया कि अंकुर के पास के गांव की एक युवती से दो साल से प्रेम संबंध थे। लगभग एक साल पहले दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देखा गया था, जिसके बाद युवती के परिजनों ने अंकुर को जान से मारने की धमकी दी थी। आशंका जताई जा रही है कि उसी रंजिश में यह हत्या की गई।
घटना के समय अंकुर खेत पर अकेला था क्योंकि उसके पिता और बड़ा भाई गांव से बाहर शादी समारोह में गए हुए थे।
पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि अंकुर को कई गोलियां मारी गई हैं और पूरे मामले की जांच जारी है। फिलहाल परिजनों की ओर से तहरीर नहीं दी गई है।
