प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या, शव को घर में दबाया और लगवा दी टाइल्स – नालासोपारा हत्याकांड से इलाके में सनसनी

मुंबई के नालासोपारा से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को घर में ही दफना दिया गया और उस पर टाइल्स लगवाकर सबूत मिटाने की कोशिश की गई। इस निर्मम हत्या का खुलासा करीब 10-15 दिन बाद हुआ, जब मृतक के भाई ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
यह चौंकाने वाली घटना नालासोपारा पूर्व के गंगड़ीपाड़ा इलाके में स्थित साई वेल्फेयर सोसायटी की एक चॉल में घटी। मृतक की पहचान विजय चौहान के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि विजय की पत्नी गुड़िया उर्फ चमन देवी (28) का मोनू नामक युवक (20) से प्रेम संबंध था और पति इस रिश्ते में बाधा बन रहा था। दोनों ने मिलकर विजय को रास्ते से हटाने की साजिश रची और उसे मौत के घाट उतार दिया।
हत्या के बाद शव को घर में ही दफनाया गया और सबूत छुपाने के इरादे से महिला ने अपने देवर से उस स्थान पर टाइल्स लगवा दीं। इस बीच गुड़िया अपने ससुराल वालों को लगातार गुमराह करती रही। रविवार को जब विजय का भाई उसे ढूंढते हुए घर पहुंचा, तो वह नहीं मिला और पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई।
सोमवार सुबह जब पुलिस ने घर की तलाशी ली तो वहां से तेज दुर्गंध आ रही थी। शक होने पर तहसीलदार और फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में खुदाई करवाई गई, जहां से विजय चौहान का शव बरामद हुआ।
इस सनसनीखेज हत्याकांड के सामने आने के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। फिलहाल आरोपी महिला गुड़िया और उसका प्रेमी मोनू फरार हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और दोनों की तलाश में टीमें गठित कर दी गई हैं।
घटना के बाद यह भी सामने आया कि मृतक विजय और गुड़िया का एक 8 वर्षीय बेटा चेतन चौहान भी है, जो फिलहाल सदमे में है। पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर इस मामले का पूरा सच उजागर करने की बात कह रही है।
