Breaking NewsMaharashtraMumbaiPune

महाराष्ट्र में भारी बारिश का कहर, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

महाराष्ट्र के कई जिलों में पिछले दो दिनों से लगातार बारिश का दौर जारी है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। मुंबई के पूर्वी उपनगरों – भांडुप, मुलुंड, विक्रोली और घाटकोपर – में तेज बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने बुधवार को भी तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई है।

पुणे में बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त

पुणे में मंगलवार दोपहर बाद से मूसलधार बारिश ने कहर बरपा दिया। कोंढवा, कात्रज, हडपसर और स्वारगेट इलाकों में भारी बारिश से निचले हिस्सों में जलजमाव हो गया। इससे यातायात बाधित हुआ और सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मौसम विभाग ने पुणे जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

कोकण और मराठवाड़ा भी प्रभावित

रत्नागिरी, रायगढ़, ठाणे, कोल्हापुर, सतारा, सांगली, लातूर, सोलापुर और धाराशिव जैसे जिलों में भी भारी बारिश दर्ज की गई है। इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कोकण, मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक हो सकती है।

समुद्री इलाकों में चेतावनी, मछुआरों को अलर्ट

मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार 21 से 24 मई तक रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, रायगढ़, मुंबई और पालघर के समुद्री इलाकों में तेज हवाएं चलेंगी और समुद्र अशांत रहेगा। अरब सागर के गहरे पानी में मछुआरों को न जाने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने स्थिति पर लगातार नजर रखने और सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

बेमौसम बारिश से बढ़ी परेशानी

विदर्भ और पश्चिम महाराष्ट्र में भी बेमौसम बारिश ने किसानों और आम नागरिकों की परेशानी बढ़ा दी है। लगातार बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हो रहा है, जबकि बिजली गिरने की घटनाओं से भी खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम की जानकारी पर नजर रखें और सावधानी बरतें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button