जब औरंगाबाद में घर टूट रहे थे तब ये नेता कहां ग़ायब थे? अब सियासी रोटियां क्यों सेक रहे हैं? – खान एजाज़ अहमद
सांप भाग गया, अब लाठियां क्यों? – खान एजाज़ अहमद का बुलडोजर राजनीति पर प्रहार

औरंगाबाद शहर में हाल ही में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान सैंकड़ों गरीबों के मकान ढहाए गए, जिससे सैकड़ों परिवार बेघर हो गए। इस मामले में अब राजनीतिक बयानबाज़ी तेज़ हो गई है। खासदार टाइम्स के संपादक एवं CMBC प्लेटफॉर्म के डायरेक्टर खान एजाज़ अहमद ने इस पर तीखा सवाल उठाया है।
खान एजाज़ अहमद ने कहा कि जब गरीबों के आशियाने उजाड़े जा रहे थे, उस वक्त वो नेता कहां थे जो अब सामने आकर इस कार्रवाई को असंवैधानिक और भ्रष्टाचार से जुड़ा बता रहे हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि ये नेता केवल सियासी रोटियां सेकने में लगे हैं और जनता की हमदर्दी पाने की नाकाम कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा —
“अगर इन नेताओं को पहले से पता था कि यह कार्रवाई गैरकानूनी है, तो उन्होंने उसी वक्त इसे रोकने का प्रयास क्यों नहीं किया? अगर पहले हस्तक्षेप किया होता, तो सैकड़ों लोग आज बेघर होने से बच जाते। अब तो ‘सांप भाग गया, ज़मीन पर लाठियां मारने’ से कोई फायदा नहीं है।”
खान एजाज़ ने यह भी कहा कि नेतागण यदि वास्तव में जनता के हितैषी हैं तो उन्हें आने वाली बुलडोजर कार्रवाई के खिलाफ सक्रिय रहना चाहिए और प्रशासन पर सही तरीके से दबाव बनाना चाहिए ताकि कोई भी नागरिक अन्याय का शिकार न हो।
गौरतलब है कि खान एजाज़ अहमद वर्ष 2019 में औरंगाबाद लोकसभा सीट से स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ चुके हैं और 23 प्रत्याशियों में से पाँचवां स्थान प्राप्त किया था, जो उनके जनाधार और सोच का प्रमाण है। अब वे 2029 लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गए हैं और जनता से सीधा संवाद कर रहे हैं।
