पुणे: बाइक पर पत्नी की लाश लेकर घूम रहा था युवक, पुलिस ने पकड़ा तो हुआ हत्याकांड का खुलासा

पुणे के नांदेड सिटी पुलिस थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सोमवार देर रात करीब डेढ़ बजे एक युवक अपनी बाइक पर एक महिला का शव लेकर घूम रहा था। गश्त कर रही पुलिस की नजर जब उस पर पड़ी तो उन्होंने उसे रोका और पूछताछ की। जांच के बाद जो खुलासा हुआ, उसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान राकेश रामनायक निसार के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि जिस महिला का शव वह लेकर घूम रहा था, वह कोई और नहीं बल्कि उसकी पत्नी थी। मृतका का नाम बबीता राकेश निसार बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार देर रात आरोपी राकेश ने घरेलू विवाद के चलते अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद वह शव को ठिकाने लगाने के लिए बाइक पर लेकर निकला। वह भूमकर पुल से होते हुए स्वामीनारायण मंदिर की ओर जा रहा था, तभी आंबेगांव और भारती विद्यापीठ पुलिस की संयुक्त टीम ने उसे पकड़ लिया।
मामले के उजागर होते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि राकेश ने पत्नी की हत्या किन कारणों से की। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और देर रात तक एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया जारी थी। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।
पुणे जैसे व्यस्त और सुरक्षित माने जाने वाले शहर में एक युवक द्वारा इस तरह से बाइक पर पत्नी की लाश लेकर घूमना न सिर्फ चौंकाने वाला है, बल्कि इलाके में दहशत का माहौल भी बना हुआ है।
