एक ही परिवार के पांच लोगों की सामूहिक आत्महत्या, गांव में मचा मातम

अहमदाबाद के बगोदरा गांव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक ही परिवार के पांच सदस्यों ने सामूहिक आत्महत्या कर ली। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन मासूम बच्चे शामिल हैं। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
मृतक परिवार मूल रूप से धोलका का रहने वाला था और कुछ समय से बगोदरा गांव में किराए के मकान में रह रहा था। मृतकों की पहचान विपुल कांजी वाघेला (उम्र 34), उनकी पत्नी सोनल (26), दो बेटियां (11 और 5 वर्ष) और एक बेटा (8 वर्ष) के रूप में हुई है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, सभी ने जहरीला पदार्थ पीकर आत्महत्या की और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही बगोदरा पुलिस और 108 आपातकालीन सेवा मौके पर पहुंची। साथ ही अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस अधीक्षक, एलसीबी, एसओजी और धंधुका एएसपी भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहराई से जांच कर रही है।
सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए बगोदरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। इस दुखद घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है।
