Breaking NewsDelhiMumbai

राहुल गांधी के आरोपों पर आदित्य ठाकरे का समर्थन, कहा – “भाजपा के दफ्तर से चल रहा है चुनाव आयोग”

नई दिल्ली/मुंबई: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी द्वारा चुनाव आयोग पर लगाए गए आरोपों को शिवसेना (यूबीटी) के विधायक आदित्य ठाकरे ने पूरा समर्थन दिया है। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी पहले से ही वोटों की कथित चोरी का मुद्दा उठाती रही है।

पत्रकारों से बातचीत में आदित्य ठाकरे ने कहा, “हम यह बात महाराष्ट्र चुनाव के बाद नहीं, बल्कि लोकसभा चुनाव से कह रहे हैं कि देशभर में वोटों की चोरी हो रही है। कई बार तो ऐसा लगता है कि चुनाव आयोग भाजपा के दफ्तर से ही संचालित हो रहा है। राहुल गांधी ने जो तथ्य रखे हैं, वे हवा में की गई बातें नहीं, बल्कि सबूत के साथ सामने आए हैं। कई मतदाताओं ने एक ही नाम और फोटो के साथ अलग-अलग जगहों पर पांच-पांच बार वोट किया है।”

उन्होंने चुनाव आयोग को खुली चुनौती देते हुए कहा, “चुनाव आयोग डिबेट के लिए सामने आए। राहुल गांधी अकेले खड़े रहेंगे और आयोग के अधिकारी उनसे बहस करें, ताकि सच सामने आ सके। जो भी जानकारी हम दे रहे हैं, वह चुनाव आयोग की अपनी वेबसाइट से मिली है।”

आदित्य ठाकरे ने यह भी आरोप लगाया कि एआई युग (2025) में भी चुनाव आयोग सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध नहीं करा पा रहा है, जो लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरे का संकेत है। उन्होंने कहा कि अब न केवल देश के लोग बल्कि पूरी दुनिया भारत के लोकतंत्र और संविधान के खतरे में होने की बात जानने लगी है।

बता दें कि बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विपक्ष पहले से हमलावर है। इसी बीच, गुरुवार को राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कई राज्यों के विधानसभा और लोकसभा चुनावों में कथित गड़बड़ियों के आरोप लगाए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button