औरंगाबाद में दिल दहला देने वाली घटना: छह माह की गर्भवती विवाहिता ने छत से लगाई छलांग, मां और गर्भस्थ शिशु की मौत
पति पर चरित्र पर संदेह करने और लगातार शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना देने का आरोप; दो आरोपी गिरफ्तार

औरंगाबाद • खासदार टाईम्स वृत्तसेवा
चरित्र पर संदेह, लगातार शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर छह माह की गर्भवती 19 वर्षीय विवाहिता द्वारा घर की छत से छलांग लगाने की दिल दहला देने वाली घटना औरंगाबाद में सामने आई है। उपचार के दौरान विवाहिता और उसके गर्भ में पल रहे छह माह के शिशु की मौत हो गई। मृतका के मायके पक्ष ने पति पर जबरन तलाक का बॉन्ड बनवाने का भी आरोप लगाया है।
यह घटना 25 अक्टूबर की रात बीड बायपास परिसर के आलोकनगर में हुई। मृत विवाहिता की पहचान सोनू विनोद राठोड के रूप में हुई है। सोनू का विवाह 12 जून 2025 को 26 वर्षीय विनोद राठोड के साथ हुआ था।
मृतका के पिता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग सोनू को लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। आरोप है कि उसे जालना ले जाकर पति के साथ तलाक का बॉन्ड भी जबरन बनवाया गया था। पति द्वारा मारपीट किए जाने से परेशान होकर सोनू के पिता उसे अपने घर ले आए थे।
उस रात आखिर क्या हुआ था?
कोजागिरी पूर्णिमा की रात पति विनोद अपनी पत्नी सोनू से मिलने सातारा स्थित आलोकनगर में उसके मायके पहुंचा था। रात देर तक दोनों के बीच बातचीत होती रही। रात करीब साढ़े 12 बजे विनोद वहां से चला गया। हालांकि, लगभग एक घंटे बाद वह दोबारा सोनू के घर पहुंचा।
बताया जाता है कि तड़के करीब चार बजे सोनू और विनोद घर की छत पर बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद सोनू ने छत से छलांग लगा दी।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने उसे तत्काल घाटी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन उपचार के दौरान सोनू और उसके गर्भ में पल रहे छह माह के बच्चे की मौत हो गई।
पति और सास गिरफ्तार, अन्य आरोपियों पर भी मामला दर्ज
इस मामले में पति विनोद राठोड और सास सुनीता राठोड (45) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अदालत ने दोनों आरोपियों को 1 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
इसके अलावा मृतका के देवर विशाल राठोड (24), काका सुभाष राठोड (45) और मौसी पिना राठोड (38), सभी निवासी मुकुंदवाड़ी, के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
वहीं, मृतका के मायके पक्ष ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या का मामला बताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों के इन आरोपों के चलते मामले की जांच और पुलिस की आगामी कार्रवाई पर सभी
की नजरें टिकी हुई हैं।
