जालना: प्रतिस्पर्धा और वैश्वीकरण के दौर में मनपा स्कूलों के छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना समय की मांग — जिलाधिकारी एवं आयुक्त आशिमा मित्तल

जालना/कादरी हुसैन
वर्तमान वैश्वीकरण और तीव्र प्रतिस्पर्धा के युग में मनपा स्कूलों के विद्यार्थियों को सक्षम, आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। यह मार्गदर्शन जिलाधिकारी एवं महापालिका आयुक्त आशिमा मित्तल ने आज व्यक्त किया।
जालना शहर महापालिका द्वारा 15 नवंबर 2025 को सभागृह में शिक्षकों के लिए कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें शहर की सभी मनपा स्कूलों के शिक्षक शामिल हुए। कार्यक्रम में अतिरिक्त आयुक्त अर्जुन गिराम, सहायक आयुक्त केशव कानपुडे, शिक्षणाधिकारी फैसल शाह अहमद, तथा प्रशिक्षक दीपक दराडे और राधा घुगे उपस्थित रहे।
आयुक्त आशिमा मित्तल ने कहा कि मनपा स्कूलों में सेमी इंग्लिश वर्ग शुरू करना अत्यंत जरूरी है, क्योंकि बच्चों को भविष्य की वैश्विक प्रतिस्पर्धा में आगे बढ़ने के लिए अंग्रेज़ी भाषा की समझ और दक्षता जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि मनपा स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि डिजिटल माध्यम से शिक्षा प्रदान करने की दिशा में भी कार्य शुरू किया जा रहा है। आधुनिक तकनीक का उपयोग, शिक्षकों का कौशल उन्नयन, मूलभूत सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण और विद्यार्थियों के लिए प्रेरक तथा अनुकूल वातावरण तैयार करना—ये सभी प्राथमिकताएँ मनपा प्रशासन की कार्ययोजना में शामिल हैं। “हर बच्चे को समान अवसर मिले और वह अपने भविष्य को मजबूत बना सके, यही मनपा का लक्ष्य है,” उन्होंने कहा।
प्रशिक्षक दीपक दराडे ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा, “अगर बच्चों को यह समझा दिया जाए कि सीखना कैसे है, तो वे अपनी गति और पद्धति से निरंतर सीखते रहते हैं।” उन्होंने जोर दिया कि प्रत्येक विद्यार्थी की क्षमता, रुचि और सीखने की गति को पहचानकर ही प्रभावी शिक्षण पद्धति तैयार की जा सकती है।
