जालना जिले में पेट्रोल-डीजल आपूर्ति सुचारू; बिक्री पर लगी पाबंदी हटाई – जिला आपूर्ति अधिकारी सविता चौधर

जालना/कादरी हुसैन
जिले में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध होने की जानकारी देते हुए जिला कलेक्टर कार्यालय, जालना (आपूर्ति विभाग) ने ईंधन बिक्री पर लगाए गए पूर्व प्रतिबंधों को हटा दिया है। इससे नागरिकों को बड़ी राहत मिली है।
जिला आपूर्ति अधिकारी सविता चौधर द्वारा 27 मार्च 2026 को जारी आदेश के अनुसार, सोशल मीडिया पर फैली अफवाहों के कारण पेट्रोल पंपों पर अनावश्यक भीड़ बढ़ गई थी। इसके चलते कुछ समय के लिए मांग और आपूर्ति के बीच असंतुलन की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। इस परिस्थिति को ध्यान में रखते हुए 25 मार्च 2026 को पेट्रोल और डीजल की बिक्री पर कुछ प्रतिबंध लगाए गए थे।
हालांकि वर्तमान में जिले में BPCL, IOCL, HPCL तथा अन्य कंपनियों द्वारा पर्याप्त ईंधन उपलब्ध कराए जाने से स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में आ गई है। इसलिए अब ईंधन वितरण पर किसी प्रकार के प्रतिबंध की आवश्यकता नहीं है, ऐसा आदेश में उल्लेख किया गया है।
इस कारण 25 मार्च को जारी पेट्रोल-डीजल बिक्री पर लगी पाबंदी का आदेश तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर विश्वास न करें और केवल आवश्यकता के अनुसार ही ईंधन खरीदें।
इस आदेश के पालन को सुनिश्चित करने के लिए पुलिस विभाग, तहसीलदार, तेल कंपनियों के अधिकारियों तथा पेट्रोल पंप संचालकों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। वहीं जिला कलेक्टर आशिमा मित्तल ने स्थिति पर नजर रखते हुए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
