औरंगाबाद में भीषण हादसा: जायकवाड़ी नहर में कार गिरने से दंपति समेत तीन की मौत, बचाने कूदा युवक भी बहा

औरंगाबाद/प्रतिनिधि
औरंगाबाद जिले में जायकवाड़ी की दाहिनी नहर में कार गिरने से हुए भीषण हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यह दुर्घटना उस समय हुई जब चालक रास्ता भटकने के बाद कार को रिवर्स ले रहा था और नियंत्रण खो बैठा। कार सीधे बहती नहर में जा गिरी।
घटना चांगतपुरी शिवार की है। हादसे के बाद पुलिस प्रशासन और अग्निशामक दल की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। बचाव दल ने नाव, रस्सी और हुक की मदद से नहर में डूबे लोगों की तलाश की।
बुधवार 25 फरवरी को सुबह करीब 10:30 बजे कार में सवार महिला निलोफर मुकीद शेख (30 वर्ष) का शव किनगांव क्षेत्र में मिला। देर रात उनके पति मुकीद शेख (निवासी कोरडगांव, तहसील पाथर्डी, जिला अहमदनगर) का शव बरामद हुआ।
इसी हादसे में यात्रियों को बचाने के लिए नहर में कूदने वाले चांगतपुरी निवासी रावसाहेब गणपत खडेकर (40 वर्ष) का शव भी बुधवार शाम करीब 6 बजे बीड जिले के गेवराई क्षेत्र में मिला।
जानकारी के अनुसार, 23 फरवरी की रात मुकीद शेख और उनकी पत्नी निलोफर शेख कोरडगांव से पिंपळवाड़ी की ओर कार से जा रहे थे। हदगांव से मुकीद शेख ने अपने साले अल्ताफ पठान को भी साथ लिया था। रास्ता भटकने के बाद कार को रिवर्स लेते समय वाहन अनियंत्रित होकर नहर में गिर गया।
अल्ताफ पठान तैरकर बाहर निकलने में सफल रहे और उन्हें 23 फरवरी की रात पैठण के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कार में सवार शेख दंपति तेज बहाव में बह गए। उन्हें बचाने के लिए मौके पर मौजूद रावसाहेब खडेकर ने अपनी जान की परवाह किए बिना नहर में छलांग लगा दी, लेकिन तेज धारा के कारण वह भी बह गए।
शेख दंपति अपने 12 वर्षीय बेटी और 8 वर्षीय बेटे को चाचा के पास छोड़कर रमजान का रोजा खोलने के लिए इसारवाड़ी जा रहे थे। इस हादसे में बच्चों के सिर से माता-पिता का साया उठ गया। वहीं, दूसरे की जान बचाने के प्रयास में अपनी जान गंवाने वाले रावसाहेब खडेकर की मौत से पूरे जिले में शोक की लहर है।