Breaking NewsJalna

भोकरदन में महिलाओं के लिए शौचालय और शहर में CCTV कैमरे लगाने की मांग

भोकरदन | करीम लाला 

भोकरदन शहर में महिलाओं और युवतियों की सुविधा व सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शहर के मुख्य मार्गों पर सार्वजनिक शौचालय और सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की गई है। इस संबंध में सौ. अनिता अंकुश जाधव ने नगर परिषद भोकरदन के मुख्याधिकारी को निवेदन सौंपा है।

निवेदन में बताया गया है कि भोकरदन शहर में पुलिस स्टेशन से लेकर जालना रोड स्थित नए भोकरदन तक, महात्मा फुले चौक (सिल्लोड रोड) से लेकर जाफराबाद रोड तक तथा बाजारपट्टी क्षेत्र में सब्जी बेचने वाली महिलाओं के लिए कहीं भी शौचालय की सुविधा उपलब्ध नहीं है। इस कारण महिलाओं और युवतियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

शहर में बड़ी संख्या में छात्राएं शिक्षा के लिए आती हैं, वहीं कई महिलाएं बैंक, कार्यालयीन कार्य तथा बाजार में खरीदारी के लिए भी भोकरदन पहुंचती हैं। लेकिन शौचालय की सुविधा न होने के कारण कई महिलाएं और छात्राएं कम पानी पीती हैं, जिससे उनके स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पड़ता है।

निवेदन में कहा गया है कि कम पानी पीने के कारण महिलाओं में डिहाइड्रेशन, थकान, चक्कर आना, सिरदर्द, मूत्र संक्रमण, किडनी स्टोन, कब्ज, त्वचा का सूखापन और कमजोरी जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। पर्याप्त पानी न मिलने से शरीर की ऊर्जा भी कम हो जाती है और बार-बार सिरदर्द की समस्या हो सकती है।

इसलिए नगर परिषद की ओर से भोकरदन शहर के मुख्य मार्गों पर महिलाओं और युवतियों के लिए सार्वजनिक शौचालय की व्यवस्था की जाए। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शहर के प्रमुख रास्तों और चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएं, ताकि महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

सौ. अनिता अंकुश जाधव ने नगर परिषद प्रशासन से महिलाओं और युवतियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द समाधान करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button