हिंदुओं को हथियार रखने की सलाह पर हुसैन दलवई ने RSS को आतंकी संगठन बताया

महाराष्ट्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हुसैन दलवई ने आरएसएस को लेकर विवादित बयान देकर सियासी हलकों में हलचल मचा दी है। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की तुलना पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से करते हुए उसे “आतंकी संगठन” करार दिया।
दलवई का यह बयान केरल के आरएसएस नेता के. प्रभाकर भट की टिप्पणी के जवाब में आया है, जिसमें उन्होंने हिंदुओं से आत्मरक्षा के लिए घरों में तलवार और चाकू रखने की बात कही थी। भट ने कहा था कि पहलगाम जैसे हमलों से निपटने के लिए हिंदुओं को सशस्त्र रहना चाहिए।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए हुसैन दलवई ने कहा, “आरएसएस एक आतंकवादी संगठन है। पाकिस्तान में आईएसआईएस है और भारत में आरएसएस। घर में चाकू-तलवार रखना मुद्दा नहीं है, लेकिन अगर कोई संगठन शांति भंग करता है, तो उस पर ध्यान देना चाहिए।” उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्या आरएसएस भी भारत में वैसा ही काम कर रहा है जैसा आईएसआईएस पाकिस्तान में करता है।
आरएसएस की ओर से इन आरोपों पर अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में बयान को लेकर तीखी बहस छिड़ गई है। भाजपा नेताओं ने इस बयान को देशविरोधी और निंदनीय बताया है, जबकि कांग्रेस पार्टी अब तक इस पर स्पष्ट रुख नहीं ले पाई हैं।
