जालना शहर में आपूर्ति विभाग की बड़ी कार्रवाई, व्यावसायिक उपयोग में लाए जा रहे 30 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त

जालना/कादरी हुसैन
जालना शहर में अवैध रूप से घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग के खिलाफ आपूर्ति विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 30 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। यह कार्रवाई शुक्रवार 13 मार्च की शाम करीब छह बजे जालना तहसील कार्यालय के आपूर्ति विभाग द्वारा चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जालना शहर में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध उपयोग की शिकायतें मिलने के बाद आपूर्ति विभाग ने अचानक शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया। इस कार्रवाई में उपविभागीय अधिकारी रामदास दौंड, तहसीलदार छाया पवार, तालुका आपूर्ति अधिकारी प्रकाश जाधव, आपूर्ति निरीक्षक दीपक दंडाईत, प्रियंका टाशे और दिलीप मुळे सहित अन्य अधिकारियों की टीम शामिल थी।

जांच के दौरान अंबड चौफुली, छत्रपति संभाजीनगर चौफुली और भोकरदन नाका चौक क्षेत्र में स्थित कई होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की अचानक तलाशी ली गई। जांच में सामने आया कि कई स्थानों पर सस्ते घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग व्यावसायिक कामों के लिए किया जा रहा था, जो नियमों का उल्लंघन है।
इस पर कार्रवाई करते हुए आपूर्ति विभाग की टीम ने अवैध रूप से उपयोग किए जा रहे 30 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त कर लिए। जब्त किए गए सिलेंडरों को अधिकृत गैस एजेंसी को सौंपा जाएगा। साथ ही संबंधित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ संबंधित पुलिस थानों में कानूनी और फौजदारी कार्रवाई करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस संबंध में जालना के उपविभागीय अधिकारी रामदास दौंड ने नागरिकों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को चेतावनी देते हुए कहा कि घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग केवल घरेलू उद्देश्यों के लिए ही किया जाए। व्यावसायिक उपयोग करते पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।