मंठा पुलिस थाने के दो पुलिसकर्मी रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार; एसीबी की कार्रवाई में 30 हजार रुपये बरामद

जालना/कादरी हुसैन
जालना जिले के मंठा पुलिस थाने में अवैध वाळू (रेत) परिवहन पर कार्रवाई न करने के बदले मासिक हप्ता मांगने के आरोप में दो पुलिसकर्मियों को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने सापळा कार्रवाई के दौरान रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में 30 हजार रुपये की रिश्वत राशि बरामद की गई है। आरोपियों के खिलाफ मंठा पुलिस थाने में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 38 वर्षीय एक टिप्पर चालक ने एसीबी कार्यालय छत्रपती संभाजीनगर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि मंठा पुलिस थाने में कार्यरत पुलिस अमलदार रवी गणपत जाधव (उम्र 38 वर्ष) ने उसकी वाळू ढोने वाली टिप्पर गाड़ी पर कार्रवाई न करने के बदले हर महीने 50,000 रुपये रिश्वत की मांग की थी। आरोप है कि जाधव पहले ही 10,000 रुपये ले चुका था और शेष 40,000 रुपये बाद में देने के लिए कहा था। शिकायतकर्ता रिश्वत देने को तैयार नहीं था, इसलिए उसने एसीबी से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत की पुष्टि के लिए 12 मार्च 2026 को पंचों की उपस्थिति में मांग की जांच की गई। जांच के दौरान पुलिस अमलदार रवी जाधव ने टिप्पर पर कार्रवाई न करने के बदले 50,000 रुपये मासिक हप्ता और स्वयं के लिए अतिरिक्त 5,000 रुपये रिश्वत की मांग की।
इस प्रकरण में मंठा पुलिस थाने के पुलिस निरीक्षक मनोज कुमार राठोड (उम्र 50 वर्ष) की भूमिका भी सामने आई है। आरोप है कि उन्होंने शिकायतकर्ता से कहा कि यदि वह अवैध वाळू परिवहन करने वाली दो गाड़ियों को पकड़वाने में मदद करेगा तो एक गाड़ी के मासिक हफ्ते में छूट दी जाएगी। साथ ही उन्होंने आरोपी रवी जाधव द्वारा मांगी गई रिश्वत की राशि देने के लिए शिकायतकर्ता को प्रोत्साहित किया।
एसीबी की टीम ने सापळा कार्रवाई की योजना बनाकर 12 मार्च 2026 को मंठा पुलिस थाने में कार्रवाई की। तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता और आरोपी के बीच समझौते के बाद 30,000 रुपये रिश्वत देने की बात तय हुई। जैसे ही आरोपी रवी जाधव ने गोपनीय शाखा कक्ष में पंचों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता से 30,000 रुपये स्वीकार किए, एसीबी की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पुलिस निरीक्षक मनोज कुमार राठोड को भी हिरासत में लिया गया।
तलाशी के दौरान आरोपी रवी जाधव के पास से 30,000 रुपये की रिश्वत राशि और सैमसंग कंपनी का एक मोबाइल फोन बरामद कर जब्त किया गया है। वहीं आरोपी मनोज कुमार राठोड के पास से भी मोबाइल फोन जब्त कर उसका विश्लेषण किया जा रहा है। दोनों आरोपियों के घरों की तलाशी की प्रक्रिया भी जारी है।
इस मामले में आरोपी रवी जाधव के सक्षम अधिकारी जालना के पुलिस अधीक्षक हैं, जबकि आरोपी मनोज कुमार राठोड के सक्षम अधिकारी महाराष्ट्र राज्य के पुलिस महानिदेशक हैं।
यह सापळा कार्रवाई भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, छत्रपती संभाजीनगर के पुलिस निरीक्षक संतोष तिगोटे के नेतृत्व में की गई। मामले की आगे की जांच पुलिस उप अधीक्षक बालू जाधवर कर रहे हैं। पूरी कार्रवाई का मार्गदर्शन पुलिस अधीक्षक माधुरी केदार कांगणे तथा पुलिस उप अधीक्षक राजीव तळेकर ने किया। कार्रवाई में पुलिस हवालदार राजेंद्र सिनकर, अशोक नागरगोजे और सी.एन. बागुल की टीम शामिल थी।
