भिंगारा घाट में भीषण हादसा: 500 मीटर गहरी खाई में गिरी पर्यटकों की गाड़ी, 2 की मौत, 2 गंभीर

बुलढाणा जिले के जळगाव जामोद तहसील में जळगाव जामोद–बुरहानपुर मार्ग पर स्थित भिंगारा घाट में एक भीषण सड़क हादसा हुआ। रविवार को एक आयशर वाहन लगभग 500 मीटर गहरी खाई में गिर गया, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में मृतकों की पहचान नागपुर के गुमगांव निवासी प्रभू दिलीप मोड और सावन मनोहर दहीकर के रूप में हुई है। वहीं, अमरावती जिले के अमर हरीराम उईके और विजय सहदेव उईके गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पहले जळगाव जामोद के ग्रामीण अस्पताल में भर्ती किया गया और फिर बेहतर उपचार के लिए अमरावती रेफर किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पर्यटक जिस गाड़ी में यात्रा कर रहे थे, चालक को सड़क का अंदाजा नहीं लग पाने के कारण वाहन गहरी खाई में गिर गया। हादसे के बाद स्थानीय युवाओं और पुलिस ने तुरंत रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने बताया कि पावसाल के मौसम में भिंगारा घाट मार्ग बेहद खतरनाक हो जाता है। पिछले कुछ दिनों से यहां दरारें, भूस्खलन और दुर्घटनाओं की घटनाएं बढ़ गई हैं। स्थानीय वाहन चालकों ने प्रशासन से घाट मार्ग पर स्थायी या मोबाइल सहायता केंद्र स्थापित करने की मांग की है।
इस बीच, रायगढ़ जिले के सांदोशी गांव के पास किले रायगढ़ की तलहटी में दो एसटी बसों की आमने-सामने टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि तीखे मोड़ पर चालक बस का संतुलन नहीं संभाल पाए, जिससे हादसा हुआ। दोनों बसों में सवार कुछ यात्री मामूली रूप से घायल हुए हैं और बसों को नुकसान पहुंचा है।
