नांदेड में खूनी गैंगवार ने लिया खौफनाक मोड़: सड़क पर दो की मौत, अस्पताल में तीसरे का कत्ल

नांदेड/प्रतिनिधि
महाराष्ट्र के नांदेड में शुक्रवार रात दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद तिहरा हत्याकांड सामने आया है। इस घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे व्यक्ति की बाद में अस्पताल में हत्या कर दी गई।
जानकारी के मुताबिक, डी-मार्ट रोड पर सदा गैंग और साईं लाला गैंग के बीच पुरानी रंजिश को लेकर टकराव हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट और हमला हुआ, जिसमें अजित सिंह उर्फ अजय सिंह और रहाबाज की मौके पर ही जान चली गई।
घटना के बाद घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां बदले की भावना से अजित सिंह के भाई ने रहाबाज के साथी अरबाज की हत्या कर दी। इस घटना के बाद मामला तिहरे हत्याकांड में बदल गया।
घटना के बाद पूरे इलाके में डर का माहौल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
