प्रभाग 8 में बंद पड़ा बोरिंग हुआ शुरू; नगरसेवक दुर्गेश काठोठीवाले के प्रयासों को मिली सफलता

जालना/कादरी हुसैन
जालना महानगरपालिका के प्रभाग क्रमांक 8 में पिछले कई दिनों से बंद पड़े बोरिंग की समस्या का आखिरकार समाधान हो गया है। स्थानीय नगरसेवक दुर्गेश काठोठीवाले के लगातार प्रयासों के चलते बोरिंग की मरम्मत कर उसे पुनः शुरू किया गया, जिससे क्षेत्र में पानी की आपूर्ति बहाल हो गई है।
प्रभाग 8 में संबंधित बोरिंग में गाद (मिट्टी) जमा होने के कारण वह पूरी तरह चोक हो गया था। इससे इलाके के नागरिकों को पानी की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या को लेकर नगरसेवक काठोठीवाले ने पहले भी महानगरपालिका को लिखित और मौखिक रूप से अवगत कराया था तथा जल्द से जल्द समाधान की मांग की थी।

उनके लगातार प्रयासों को ध्यान में रखते हुए महानगरपालिका के संबंधित विभाग ने तकनीकी टीम की मदद से बोरिंग की सफाई और मरम्मत का कार्य किया। चोक हुए बोरिंग से गाद निकालकर उसे फिर से चालू किया गया, जिससे अब पानी की आपूर्ति सुचारू रूप से शुरू हो गई है। इससे स्थानीय नागरिकों को बड़ी राहत मिली है।
स्थानीय लोगों ने नगरसेवक दुर्गेश काठोठीवाले के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि चुनाव जीतने के बाद से ही वे प्रभाग की विभिन्न समस्याओं को हल करने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। नागरिकों का मानना है कि प्रभाग 8 में वे ऐसे नगरसेवक हैं जो हर समस्या को गंभीरता से लेकर उसके समाधान के लिए तत्पर रहते हैं।
वहीं, आने वाले समय में प्रभाग की पानी आपूर्ति व्यवस्था को और मजबूत करने की उम्मीद भी नागरिकों द्वारा व्यक्त की जा रही है।
