Breaking NewsJalna

जालना शहर के राजपूतवाड़ी क्षेत्र में जमीन से ज्वलनशील पदार्थ निकलने की घटना का कारण स्पष्ट

जालना/कादरी हुसैन

जालना शहर के सामानगांव रोड परिसर में जमीन से ज्वलनशील पदार्थ निकलने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नागरिकों में डर का माहौल बन गया था। हालांकि, अब इस घटना के पीछे का वास्तविक कारण स्पष्ट हो गया है। यह कोई प्राकृतिक आपदा नहीं, बल्कि विद्युत तकनीकी खराबी के कारण हुआ मामला है।

आपदा प्रबंधन विभाग ने तुरंत महावितरण (MSEB) के अधिकारियों से संपर्क कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। महावितरण के अधीक्षक अभियंता द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह खराबी दोपहर लगभग 4:45 बजे ठीक कर दी गई। साथ ही बिजली आपूर्ति भी पुनः शुरू कर दी गई है और वर्तमान में क्षेत्र की स्थिति पूरी तरह सामान्य है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, संबंधित स्थान पर मौजूद 11 केवी सैटेलाइट फीडर के कंडक्टर का संपर्क V-क्रॉस आर्म और RSJ पोल से हो गया था। यह संपर्क खराब (faulty) पिन इंसुलेटर के कारण हुआ, जिससे विद्युत प्रवाह सीधे पोल के माध्यम से जमीन में चला गया (अर्थिंग)। क्षेत्र में चट्टानी (rocky) जमीन होने के कारण, इस तेज विद्युत प्रवाह से चट्टानें पिघलकर लावा जैसी दिखाई देने लगीं, जिससे नागरिकों में भय फैल गया।

हालांकि, नागरिकों से अपील की जाती है कि यह घटना ज्वालामुखी या किसी प्राकृतिक आपदा से संबंधित नहीं है, बल्कि तकनीकी खराबी का परिणाम है। नागरिक अफवाहों पर विश्वास न करें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें, ऐसा जिला प्रशासन द्वारा बताया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button