जालना में बस स्टैंड क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम की बड़ी मुहिम शुरू
नालों और अंडरग्राउंड ड्रेनेज पर बने अतिक्रमण हटाने का प्रस्ताव; बस स्टैंड क्षेत्र से कार्रवाई की शुरुआत

जालना/कादरी हुसैन
आज दिनांक 7 (मंगलवार) दोपहर 2 बजे प्राप्त जानकारी के अनुसार, जालना शहर नगर निगम की सामान्य सभा आयोजित की गई, जिसमें शहर में बढ़ते अतिक्रमण का मुद्दा प्रमुख रूप से उठाया गया। विशेष रूप से अंडरग्राउंड नालों और ड्रेनेज लाइन पर हुए अतिक्रमणों के खिलाफ कार्रवाई करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।

इस प्रस्ताव के तहत मंगलवार से ही नगर निगम के अतिक्रमण विभाग ने प्रत्यक्ष कार्रवाई शुरू कर दी है। पहले चरण में बस स्टैंड क्षेत्र में नालों पर किए गए अतिक्रमण हटाए जा रहे हैं। प्रशासन का मानना है कि नालों और ड्रेनेज लाइन को साफ और मुक्त करने से बारिश का पानी सड़कों पर जमा नहीं होगा और पानी का प्रवाह सुचारू रूप से होगा।

इस कार्रवाई के बारे में जानकारी देते हुए अतिक्रमण पथक के अधिकारियों ने नागरिकों से सहयोग करने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि हटाए गए अतिक्रमणों को दोबारा खड़ा न किया जाए, अन्यथा आगे भी लगातार कार्रवाई की जाएगी।