Breaking NewsMaharashtra

स्थानीय निकाय चुनाव से पहले शिवसेना को बड़ा झटका, सोलापुर जिल्हा संपर्क प्रमुख शिवाजी सावंत का इस्तीफा

महाराष्ट्र में स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं के चुनाव अभी बाकी हैं और ऐसा माना जा रहा है कि गणेश उत्सव के बाद इन चुनावों की घोषणा हो सकती है। इसी पृष्ठभूमि पर ग्रामीण क्षेत्रों में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। स्थानीय स्तर पर समीकरण तेजी से बदल रहे हैं – कोई अपने दम पर चुनाव लड़ने की बात कर रहा है तो कोई पार्टी छोड़कर दूसरी पार्टी में जा रहा है।

इसी राजनीतिक हलचल के बीच महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के दिल्ली दौरे के दौरान राज्य में बड़ी घटनाएं सामने आ रही हैं। शिवसेना में आंतरिक कलह अब खुलकर सामने आ गई है, जिससे एकनाथ शिंदे को बड़ा झटका लगा है।

शिंदे गुट के सोलापुर जिल्हा संपर्क प्रमुख शिवाजी सावंत ने गुरुवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को सौंपा। शिवाजी सावंत, पूर्व मंत्री और विधायक तानाजी सावंत के भाई हैं, और पिछले कुछ दिनों से वे शिवसेना से नाराज चल रहे थे।

इस्तीफा देते हुए शिवाजी सावंत ने आरोप लगाया कि उन्हें संपर्क प्रमुख होने के बावजूद पार्टी में विश्वास में लिए बिना नियुक्तियां की जा रही हैं। उनके इस कदम से सोलापुर जिले में शिवसेना की आंतरिक गुटबाजी एक बार फिर उजागर हो गई है।

स्थानीय निकाय चुनाव से पहले सावंत का यह इस्तीफा शिंदे गुट के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। कुछ दिन पहले एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के आखिरी समय पर शामिल न होने से भी शिवाजी सावंत की नाराज़गी की चर्चा तेज हो गई थी। अब उनके इस्तीफे ने न सिर्फ उनकी नाराजगी को सार्वजनिक कर दिया है, बल्कि शिवसेना की अंदरूनी कलह को भी उजागर कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button