औरंगाबाद में सनसनीखेज हत्या: घर में घुसकर महिला की बेरहमी से हत्या, आरोपी महिला गिरफ्तार

औरंगाबाद/प्रतिनिधि
औरंगाबाद के बजाजनगर परिसर स्थित साई श्रद्धा पार्क (वडगांव कोल्हाटी) में बुधवार को एक 40 वर्षीय महिला की उसके ही घर में घुसकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान साधना महेंद्र सोनपेटकर (40) के रूप में हुई है। इस घटना से वाळूज इलाके में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी शैला सोनार (45) सीधे साधना के घर में घुसी और अचानक धारदार चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना गंभीर था कि साधना की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वाळूज MIDC पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।
जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से एक एयरगन भी बरामद हुई है, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि हत्या पूरी तरह से सुनियोजित थी।
पुलिस ने आरोपी महिला शैला सोनार को मौके से ही हिरासत में ले लिया। गिरफ्तारी के दौरान हुई झड़प में आरोपी को हल्की चोटें आईं, जिसके बाद उसे उपचार के लिए घाटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राथमिक जांच में इस घटना के पीछे व्यक्तिगत विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि हत्या के असली कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है।
