कन्नड़ में 200 छात्राओं को प्रमाणपत्र वितरित; रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण को मिला बढ़ावा

कन्नड़ | अशरफ़ अली
कन्नड़, 17 जून : इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ रूरल वर्क्स संचालित तथा भारत सरकार समर्थित जन शिक्षण संस्था, औरंगाबाद के अंतर्गत सारा कोचिंग क्लासेस, कन्नड़ में सिलाई कला, ब्यूटी पार्लर, आरी वर्क एवं मेहंदी कला प्रशिक्षण पूरा करने वाली छात्राओं का प्रमाणपत्र वितरण समारोह बुधवार को हिवरखेड़ा रोड स्थित वाणी मंगल कार्यालय में उत्साहपूर्ण वातावरण और भव्यता के साथ संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर परिषद की नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्रीमती फरीनबाजी अब्दुल जावेद शेख ने की। मुख्य अतिथियों के रूप में जन शिक्षण संस्था, औरंगाबाद के संचालक डॉ. रणधीर गायकवाड़, प्रोग्राम हेड श्रीमती रजनी कंधारे, डॉ. सदाशिव पाटील, बाळकडू कुंभकरण, काचोळे सर, राजू सर, राजेंद्र गव्हाणे, ह.भ.प. महाजन गुरुजी, नगरसेवक संदीप घोंगटे तथा मिर्जा जाहिर बेग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सारा कोचिंग क्लासेस की संचालिका श्रीमती फौजिया अंजुम, अध्यक्ष मोहम्मद यूनुस शेख तथा सचिव वसीम अकरम शेख भी मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन शेख वसीम अमीर सर ने किया।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में श्रीमती फरीनबाजी शेख ने छात्राओं को रोजगार योग्य बनाने तथा स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में संस्था की भूमिका की सराहना की। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त छात्राओं के लिए जुकी सिलाई मशीन भेंट करते हुए भविष्य में भी हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
समारोह में विभिन्न प्रशिक्षण पाठ्यक्रम सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाली लगभग 200 छात्राओं को प्रमाणपत्र वितरित कर सम्मानित किया गया। उपस्थित अतिथियों ने छात्राओं को कौशल आधारित शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष मोहम्मद यूनुस शेख ने सभी अतिथियों, गणमान्य व्यक्तियों तथा प्रशिक्षणार्थी छात्राओं का आभार व्यक्त किया। समारोह में बड़ी संख्या में नागरिकों, अभिभावकों और छात्राओं की उपस्थिति रही।
