एक लाख रुपये रिश्वत मांगने के मामले में मुख्याध्यापिका और वरिष्ठ लिपिक एसीबी के जाल में गिरफ्तार

कन्नड़ | अशरफ़ अली
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) औरंगाबाद इकाई ने एक सफल ट्रैप कार्रवाई में संजय गांधी उर्दू हाईस्कूल, कन्नड़ की मुख्याध्यापिका और वरिष्ठ लिपिक को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 58 वर्षीय शिकायतकर्ता संजय गांधी उर्दू हाईस्कूल, कन्नड़ में वरिष्ठ लिपिक पद से सेवानिवृत्त हुए थे। उनकी अर्जित अवकाश नकदीकरण (Earned Leave Encashment) तथा जीपीएफ (GPF) बिल का प्रस्ताव जिला परिषद को भेजने के लिए स्कूल की मुख्याध्यापिका शेख नाजिया (57) ने कथित रूप से एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
शिकायतकर्ता रिश्वत देने के इच्छुक नहीं थे। उन्होंने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, औरंगाबाद से संपर्क कर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की जांच और सत्यापन 16 जून 2026 को पंचों की उपस्थिति में किया गया। जांच के दौरान मुख्याध्यापिका ने एक लाख रुपये की मांग दोहराते हुए 50 हजार रुपये नकद तथा 50 हजार रुपये संस्था के खाते में जमा कराने को कहा।
इसके बाद एसीबी ने 18 जून 2026 को संजय गांधी उर्दू हाईस्कूल, कन्नड़ में जाल बिछाया। ट्रैप कार्रवाई के दौरान शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये नकद रिश्वत राशि वरिष्ठ लिपिक जावेद मसीउद्दीन शेख (55) ने स्वीकार की। रिश्वत राशि स्वीकार करते ही एसीबी की टीम ने पंच साक्षियों के समक्ष आरोपी को हिरासत में ले लिया।
कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से रिश्वत की 50 हजार रुपये की राशि तथा मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। एक वनप्लस मोबाइल फोन को भी जांच हेतु जब्त कर उसका विश्लेषण किया जा रहा है। आरोपियों के निवास स्थानों पर तलाशी की कार्रवाई जारी है।
यह कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक बालासाहेब शिंदे के नेतृत्व में की गई। मामले की जांच पुलिस निरीक्षक जयसिंग गुसिंगे कर रहे हैं। कार्रवाई को पुलिस अधीक्षक माधुरी केदार कांगणे तथा अपर पुलिस अधीक्षक शशिकांत सिंगारे का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई शासकीय अधिकारी, कर्मचारी या उसके माध्यम से कोई व्यक्ति वैधानिक शुल्क के अतिरिक्त रिश्वत की मांग करता है, तो तत्काल टोल फ्री नंबर 1064 या व्हाट्सएप नंबर 7720891064 पर संपर्क करें।