Breaking NewsCrime NewsMumbai

तुकाराम मुंढे की सख्ती के बीच मुंबई में फर्जी FDA अधिकारियों का खेल, होटल पर छापा मारकर वसूली की कोशिश

मुंबई | प्रतिनिधि 

महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) विभाग में तुकाराम मुंढे के कार्यभार संभालने के बाद विभाग की सख्त कार्रवाई का माहौल बना हुआ है। इसी बीच मुंबई में फर्जी FDA अधिकारी बनकर होटल संचालकों से वसूली की कोशिश करने का मामला सामने आया है। बोरिवली पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार, बोरिवली पश्चिम स्थित ‘आहार होटल’ में दो लोग खुद को खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) का अधिकारी बताकर पहुंचे और होटल की जांच शुरू कर दी। उन्होंने खाद्य पदार्थों के नमूने लेने और कार्रवाई करने की धमकी देकर होटल संचालक पर दबाव बनाने का प्रयास किया।

आरोपियों ने अपनी पहचान साबित करने के लिए ‘फूड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (FCI)’ का कथित फर्जी पहचान पत्र भी दिखाया। हालांकि, उनके व्यवहार और बातचीत पर होटल संचालक को संदेह हुआ। इसके बाद होटल संचालक ने तुरंत बोरिवली पुलिस से संपर्क किया।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। आरोपियों की पहचान विजय जाधव और स्वाती तुळसकर के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में FDA की सख्त कार्रवाई के माहौल का फायदा उठाकर होटल व्यवसायियों को डराने और उनसे वसूली करने की कोशिश की गई। फिलहाल बोरिवली पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने पहले भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button